Logo
रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक विश्वविद्यालय के छात्रावास में शनिवार को हुई चाकूबाजी की घटना ने भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कुल छह लोग घायल हो गए हैं।

रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य में स्थित एक विश्वविद्यालय के छात्रावास में शनिवार को हुई चाकूबाजी की घटना ने भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। इस हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कुल छह लोग घायल हो गए हैं। घटना ऊफा शहर स्थित स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में हुई, जहां एक किशोर ने अचानक घुसकर छात्रों पर चाकू से हमला कर दिया।

घटना की पुष्टि करते हुए मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। दूतावास ने कहा कि वह रूसी प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है ताकि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता मिल सके। साथ ही कजान स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से अधिकारियों की एक टीम ऊफा भेजी गई है, जो मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी करेगी।

विदेश मंत्रालय, नई दिल्ली को भी पूरे मामले की जानकारी दे दी गई है। भारतीय अधिकारियों ने दोहराया है कि विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और किसी भी स्थिति में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोर हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध करते हुए दो पुलिस अधिकारियों पर भी चाकू से वार किया। इस दौरान उसने खुद को भी नुकसान पहुंचाया। हमलावर की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि घायल छात्रों और पुलिसकर्मियों का इलाज क्लीनिकल अस्पताल में चल रहा है।

रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि सभी घायलों को चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, बश्कोर्तोस्तान की राजधानी ऊफा में इस घटना को लेकर उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

कुछ टेलीग्राम चैनलों और स्थानीय रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरोपी का संबंध एक प्रतिबंधित नियो-नाजी संगठन से हो सकता है। आरोप है कि हमले के दौरान उसने राष्ट्रवादी नारे लगाए और घटनास्थल पर नफरत फैलाने वाले चिन्ह भी बनाए गए। हालांकि, रूसी प्रशासन ने अभी इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थिति पर पैनी नजर बनाए हुए है और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, अपडेट साझा किए जाएंगे।

5379487