Lokayukta Action: मध्यप्रदेश। लोकायुक्त की टीम ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी में पोहरी तहसील के प्रभारी RI के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। RI को किसान से 2,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है। बताया जा रहा है कि, आरोपी ने किसान की जमीन के नक्शे में हुई गलती को ठीक करने के लिए रिश्वत की मांग की थी।
गलती सुधारने के नाम पर 5,000 रुपये की मांग
शिकायतकर्ता किसान का नाम बरखाभान धाकड़ है, जो माचकला गांव के रहने वाले हैं। उनके अनुसार, RI ने किसान की जमीन के नक्शे में गलती सुधारने के नाम पर 5,000 रुपये की मांग की थी, जिसके बाद उन्होंने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई।
1,000 रुपये देने के बावजूद काम नहीं हुआ
शिकायत से पहले, 4,000 रुपये में सौदा तय हुआ था, जिसमें से किसान बरखाभान धाकड़ पहले ही 1,000 रुपये दे चुके थे। इसके बावजूद, अधिकारी ने काम नहीं किया और किसान को परेशान करना जारी रखा।
रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
अधिकारी के रवैये से परेशान होकर किसान ने बातचीत रिकॉर्ड कर ली और उसे लोकायुक्त टीम को सौंप दिया। 24 मार्च को शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद, किसान शुक्रवार को सिद्धेश्वर कॉलोनी में आरोपी RI के घर 2,000 रुपये लेकर पहुंचा। जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










