Logo
अंबिकापुर के लुचकी घाट सड़क हादसे में घायल युवक ने कहा कि, ईश्वर की मौत पिकअप से नहीं सफेद कार से हुई थी। परिजनों ने मामले को दबाने का आरोप लगाया है।

आशीष कुमार- बतौली। अंबिकापुर के लुचकी घाट पुल पर बीते शनिवार को हुए  भीषण सड़क हादसा में एक युवक की मौके पर मौत हो गई थी। जबकि, दूसरा गंभीर रूप से घायल युवक आईसीयु में भर्ती था। जिसके डिस्चार्ज होते ही घटना का खुलासा हुआ। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है जिससे नाराज परिजन न्याय मिलने की आस में उच्च जांच की मांग कर रहे है।

सड़क दुर्घटना में घायल दूसरे युवक ने की सड़क हादसे का खुलासा
NH- 43 पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के कारण प्रशासन ने बड़े वाहनों को रोक दिया था, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतारें खड़ी थीं और रास्ता संकरा व अव्यवस्थित हो गया था। इसी अफरा-तफरी के बीच सेदम की ओर जा रहे बाइक में सवार 2 युवक पीछे से आ रहे ट्रक को साइड देने के दौरान असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़े। तभी पीछे से आ रही कार ने नियंत्रण खो दिया और सीधे गिरे हुए युवकों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। जहां बाइक के पीछे बैठे ईश्वर साहू के की दर्दनाक मौत हो गई। बाइक चालक सोनेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आईसीयु से डिस्चार्ज होकर घर पहुंचने पर सोनेलाल ने कहा कि दुर्घटना में सफेद कार ने ईश्वर को कुचलते हुए फरार हो गया था। 

शासकीय वाहन के निजी उपयोग का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों और सूत्रों के अनुसार, हादसे में शामिल वाहन महिला एवं बाल विकास विभाग का बताया जा रहा है। आरोप है कि इसे जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) अंबिकापुर के ड्राइवर रज्जाक खान चला रहे थे। यह भी सामने आया है कि चालक कथित रूप से शासकीय वाहन को निजी उपयोग में लेकर अपने परिवार के साथ ईद मनाने जा रहा था। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

DPO का बयान- ड्राइवर छुट्टी पर था, वाहन घर में खड़ा था
इस मामले में जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान ने सफाई देते हुए कहा कि, ड्राइवर को त्यौहार के चलते शनिवार को छुट्टी दी गई थी। शासकीय वाहन घर में खड़ा था। वह कब और कैसे वाहन लेकर गया, इसकी मुझे जानकारी नहीं है। मामले की जानकारी विभाग को दे दी गई है।

हादसे के बाद चालक फरार, पुलिस पर उठे सवाल
हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना है कि अगर कोई आम नागरिक होता, तो अब तक सख्त कार्रवाई हो चुकी होती।

एक मौत नहीं, पूरा परिवार उजड़ गया
मृतक ईश्वर साहू अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पीछे पत्नी, दो बेटे, एक बेटी और बुजुर्ग माता-पिता हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को असहाय बना दिया है। गांव में मातम पसरा हुआ है। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने साफ चेतावनी दी है कि, फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। 

7