haribhoomi hindi news
ZIM vs AUS: टी-20 वर्ल्ड कप में पहला उलटफेर देखने को मिला है। जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को 23 रन के अंतर से हराया।

ZIM vs AUS: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे बड़ा उलटफेर हुआ है। जिम्बाब्वे ने ग्रुप-बी के एक मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया। ये टी20 विश्व कप इतिहास में जिम्बाब्वे की ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी जीत है। इससे पहले, 2007 में भी जिम्बाब्वे ने कंगारूओं को पटखनी दी थी। 

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतने के बाद गेंदबाजी की थी। जिम्बाब्वे ने 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए थे। जिम्बाब्वे की तरफ से ब्रायन बेनेट ने नाबाद 64 रन की पारी खेली थी। उनके अलावा तादिवानाशे मारुमनी और रयान बर्ल ने 35-35 रन की पारी खेली। कप्तान सिकंदर रजा ने 13 गेंद में नाबाद 25 रन ठोके। ऑस्टेलिया के लिए मार्कस स्टॉयनिस और कैमरन ग्रीन को 1-1 सफलता मिली। 

जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई और 19.3 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट हो गई। ब्लेसिंग मुजरबानी ने 4 विकेट झटके। 3 विकेट ब्रैडली इवांस को मिले। मुजरबानी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। ये टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के गेंदबाज का बेस्ट प्रदर्शन है। 

ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैट रेनशॉ (65 रन) ने अर्धशतक जमाया। ग्लेन मैक्सवेल ने 31 रन बनाए। मार्कस स्टोयनिस (6) ट्रैविस हेड (17) और जोश इंग्लिस (8) रन ही जोड़ सके थे। टिम डेविड और कैमरन ग्रीन का खाता भी नहीं खुला।

क्या ग्रुप स्टेज से बाहर हो जाएगा ऑस्ट्रेलिया?

ग्रुप-बी के पॉइंट्स टेबल की मौजूदा स्थिति में ऑस्ट्रेलिया तीसरे स्थान पर है। उसने 2 में से एक ही मैच जीता है। ऑस्ट्रेलिया के खाते में 2 अंक हैं। अब कंगारुओं को अगले दौर में जाने के लिए श्रीलंका और ओमान के खिलाफ मैच जीतने होंगे। साथ ही ये दुआ करनी होगी कि श्रीलंका और जिम्बाब्वे एक-एक मुकाबला हार जाएं।

7