haribhoomi hindi news

LIVECSK vs KKR Highlights: चेपॉक में 'येलो आर्मी' का जलवा, चेन्नई ने कोलकाता को 32 रनों से दी करारी शिकस्त; नूर अहमद ने झटके 3 विकेट

CSK vs KKR Highlights: चेपॉक में 'येलो आर्मी' का जलवा, चेन्नई ने कोलकाता को 32 रनों से दी करारी शिकस्त; नूर अहमद ने झटके 3 विकेट

CSK vs KKR Live Score, IPL 2026: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत धमाकेदार रही। संजू सैमसन ने शानदार पारी खेलते हुए 32 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 3 चौके शामिल थे। युवा आयुष म्हात्रे ने महज 17 गेंदों में 38 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दी। अंत में डेवाल्ड ब्रेविस के 41 रनों की बदौलत चेन्नई ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 192 रन बनाए। केकेआर की ओर से कार्तिक त्यागी ने 2 विकेट लिए।

केकेआर की खराब शुरुआत, स्पिनर्स का कहर
193 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता की शुरुआत बेहद खराब रही। फिन एलन (1) को अंशुल कंबोज ने जल्द ही पवेलियन भेज दिया। इसके बाद सुनील नरेन (24) ने कुछ बड़े शॉट्स जरूर लगाए, लेकिन वे भी खलील अहमद का शिकार बने। 50 रन के पार पहुंचने के बाद केकेआर की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई।

नूर अहमद ने तोड़ी कोलकाता की कमर
मैच का टर्निंग पॉइंट अफगानी स्पिनर नूर अहमद का स्पेल रहा। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी कर रहे कप्तान अजिंक्य रहाणे (28) को आउट कर केकेआर को बड़ा झटका दिया। इसके बाद नूर ने अगली ही गेंद पर कैमरन ग्रीन को गोल्डन डक पर बोल्ड कर दिया। रिंकू सिंह (6) भी नूर की फिरकी को नहीं पढ़ पाए और शिवम दुबे को कैच थमा बैठे। नूर अहमद ने अपने 4 ओवर के कोटे में मात्र 21 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट चटकाए।

पॉवेल और रमनदीप का संघर्ष रहा अधूरा
छह विकेट गिरने के बाद रोवमैन पॉवेल (25) और रमनदीप सिंह (31) ने कुछ देर तक संघर्ष किया और स्कोर को 140 के पार पहुंचाया, लेकिन रन रेट इतना बढ़ चुका था कि जीत हासिल करना नामुमकिन हो गया। चेन्नई के गेंदबाजों ने अनुशासन के साथ गेंदबाजी की और अकील हुसैन, खलील अहमद और अंशुल कंबोज ने 1-1 विकेट लेकर केकेआर को मैच से पूरी तरह बाहर कर दिया।

धोनी और वरुण चक्रवर्ती की फिटनेस पर बड़ा अपडेट
फैंस के मन में सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या महेंद्र सिंह धोनी आज मैदान पर उतरेंगे? रिपोर्ट्स के मुताबिक, धोनी अपनी 'काफ इंजरी' (पिंडली की चोट) से उबर रहे हैं और उन्होंने नेट प्रैक्टिस में हिस्सा लिया है, लेकिन उनके खेलने पर अब भी सस्पेंस बरकरार है। मैनेजमेंट उन्हें लेकर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहता। वहीं, KKR के लिए बुरी खबर है; उनके स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हेयरलाइन फ्रैक्चर की वजह से आज के मैच से बाहर रह सकते हैं। अगर वरुण नहीं खेलते हैं, तो KKR की गेंदबाजी यूनिट काफी कमजोर नजर आएगी।

संजू सैमसन की फॉर्म और CSK की ताकत
CSK के लिए सबसे बड़ी राहत की बात संजू सैमसन का फॉर्म में लौटना है। पिछले मैच में उन्होंने रिकॉर्ड तोड़ शतक जड़कर अपनी टीम को जीत दिलाई थी। उनके साथ ही युवा आयुष म्हात्रे और सरफराज खान से भी टीम को काफी उम्मीदें हैं। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन और डेब्यू मैच में प्रभावित करने वाले गुरजपनीत सिंह ने CSK के आक्रमण को मजबूती दी है। चेपॉक की पिच स्पिनर्स की मददगार मानी जाती है, ऐसे में नूर अहमद की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

KKR की चुनौतियां और कैमरून ग्रीन पर नजरें
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह सीजन अब तक किसी दुःस्वप्न से कम नहीं रहा है। टीम को पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मुकुल चौधरी की तूफानी पारी के कारण हार झेलनी पड़ी थी। अब सबकी नजरें स्टार ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन पर टिकी हैं। भारी-भरकम कीमत पर खरीदे गए ग्रीन ने पिछले मैच में अपनी पहली गेंदबाजी की थी, लेकिन अब उन्हें बल्ले और गेंद दोनों से अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी। साथ ही रिंकू सिंह और फिन एलन को टीम को अच्छी शुरुआत और फिनिशिंग देनी होगी।

पिच रिपोर्ट
चेपॉक स्टेडियम की पिच रिपोर्ट के अनुसार, आज के मैच में स्क्वायर बाउंड्री के बीच थोड़ा अंतर है, जहां एक तरफ लेग साइड की सीमा 63 मीटर और दूसरी तरफ 70 मीटर है, जबकि सीधी बाउंड्री 79 मीटर लंबी है। इस सीजन की तरह आज भी पिच पर अच्छी तेजी और उछाल मिलने की उम्मीद है, जो तेज गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती है। हालांकि, स्पिनरों के लिए इस साल यहां चुनौतियां रही हैं और आज भी उन्हें टर्न मिलने की संभावना कम ही दिख रही है, जिसके कारण पेसर्स को विकेट निकालने के लिए अपनी वैराइटी और वैरिएशन का अधिक इस्तेमाल करना होगा।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, गुरजपनीत सिंह और खलील अहमद।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।

22:36 PM(1 hour ago )

कोलकाता की पारी लड़खड़ाई, चार विकेट गिरे

Posted by: Vishal

कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मुश्किलें अब पहाड़ जैसी होती जा रही हैं। अच्छी बल्लेबाजी कर रहे कप्तान अजिंक्य रहाणे (28) नूर अहमद की गेंद पर ऋतुराज गायकवाड़ को कैच थमा बैठे। 10.5 ओवर में 85 रन के स्कोर पर चौथा विकेट गिरने के बाद केकेआर पूरी तरह बैकफुट पर आ गई है। अंगकृष के बाद रहाणे का विकेट गिरना चेन्नई के लिए टर्निंग पॉइंट साबित हो सकता है।

अब पूरी जिम्मेदारी रिंकू सिंह और नए बल्लेबाज कैमरन ग्रीन के कंधों पर है। चेन्नई के गेंदबाज इस वक्त पूरी तरह हावी हैं और केकेआर को जीत के लिए अब करिश्माई बल्लेबाजी की जरूरत है।

19:27 PM(4 hours ago )

टॉस के बाद क्या बोले CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़?

Posted by: सुमित कुमार

टॉस हारने के बाद चेन्नई के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने कहा कि अगर वे टॉस जीतते, तो उनका फैसला भी पहले गेंदबाजी करने का ही होता। हालांकि, उन्होंने सकारात्मक रहते हुए कहा कि पिछले कुछ मैचों में चेपॉक की विकेट पूरे मैच के दौरान ज्यादा नहीं बदली है, इसलिए पहले बल्लेबाजी करना ज्यादा नुकसानदेह नहीं होगा। गायकवाड़ ने पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 210 रनों का बचाव करने वाली अपनी गेंदबाजी यूनिट और चुस्त फील्डिंग की जमकर तारीफ की। उन्होंने टीम संतुलन पर बात करते हुए कहा कि डेवाल्ड ब्रेविस और जेमी ओवरटन के आने से टीम का कॉम्बिनेशन अब सही दिशा में जा रहा है और वे आज उसी विनिंग टीम (बिना किसी बदलाव के) के साथ मैदान पर उतरे हैं।

19:27 PM(4 hours ago )

टॉस के बाद KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे का बयान

Posted by: सुमित कुमार

कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और पिछले मैच की हार को पीछे छोड़कर नई शुरुआत करने पर जोर दिया। रहाणे ने कहा कि भले ही पिछला नतीजा उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन टीम ने जिस तरह की क्रिकेट खेली उससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने मुकुल चौधरी की पारी का उदाहरण देते हुए कहा कि टी20 फॉर्मेट में छोटे-छोटे पलों को भुनाना और खुद पर यकीन रखना जरूरी है। मेगा ऑक्शन के बाद सही टीम बैलेंस ढूंढने की चुनौती पर बात करते हुए रहाणे ने बताया कि आज टीम में एक बड़ा बदलाव किया गया है। स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पूरी तरह फिट होकर नवदीप सैनी की जगह टीम में वापस लौट आए हैं।

19:22 PM(4 hours ago )

केकेआर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला

Posted by: सुमित कुमार

चेपॉक के मैदान पर आईपीएल 2026 के इस रोमांचक मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

7