ICC Awards: मार्च महीने के लिए ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड का ऐलान हो गया। भारत के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन और न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर मेलि केर ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर यह खिताब अपने नाम किया।
संजू सैमसन ने भारत में खेले गए टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने भारत को चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था। उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया था।
सैमसन को प्लेयर ऑफ द मंथ चुना गया
सैमसन ने सबसे अहम मुकाबलों में मैच जिताने वाली पारियां खेलीं। उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ कोलकाता में वर्चुअल क्वार्टरफाइनल में नाबाद 97 रन बनाए। इसके बाद मुंबई में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में 89 रन और अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी 89 रन की पारी खेली था।
उनकी इन पारियों की बदौलत भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीता और पहली बार अपने घर में ट्रॉफी उठाई। सैमसन ने अवॉर्ड मिलने पर कहा कि यह उनके करियर का सबसे खास दौर है और टीम के भरोसे ने उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने में मदद की।
मेलि केर का ऑलराउंड शो
महिला वर्ग में मेलि केर ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मार्च में खेले गए चार वनडे में 176 रन बनाए और 18 विकेट भी लिए। जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में न्यूजीलैंड ने 3-0 से जीत हासिल की, जिसमें केर को प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 7 विकेट पर 34 रन रहा।
टी20 इंटरनेशनल में भी केर ने कमाल किया। उन्होंने 276 रन बनाए और 6 विकेट लिए, जिससे न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका को 4-1 से हराया और केर को एक बार फिर प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। यह उनका तीसरा ICC प्लेयर ऑफ द मंथ अवॉर्ड है। इससे पहले वह फरवरी 2022 और अक्टूबर 2024 में भी यह सम्मान जीत चुकी हैं।
किन खिलाड़ियों को पछाड़ा
सैमसन ने इस अवॉर्ड की दौड़ में अपने ही टीम के जसप्रीत बुमराह और दक्षिण अफ्रीका के कॉनर एस्टरहुइजन को पीछे छोड़ा। वहीं केर ने ऑस्ट्रेलिया की बेथ मूनी और दक्षिण अफ्रीका की अयाबोंगा खाका को मात दी। ICC के मुताबिक, विजेताओं का चयन दुनियाभर के फैंस के वोट और विशेषज्ञों की राय के आधार पर किया गया। कुल मिलाकर, मार्च का महीना इन दोनों खिलाड़ियों के नाम रहा, जिन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में खास पहचान बनाई।









