haribhoomi hindi news
नारनौल पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की, इस दौरान एक युवक को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

नारनौल: हरियाणा के नारनौल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शहर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए एक युवक को भारी मात्रा में नशीले कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पकड़े जाने से बचने के लिए इन कैप्सूलों को अपनी बनियान के अंदर छिपाकर रखा था।

पेड़ के नीचे ग्राहकों का कर रहा था इंतजार
पुलिस के अनुसार, पीएसआई अजीत सिंह की टीम बहरोड़ टी-प्वाइंट पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि पटीकरा निवासी विष्णु दत्त नशीले कैप्सूल बेचने का धंधा करता है और वह पुरानी अनाज मंडी के पास पानी की टंकी के पास एक पीपल के पेड़ के नीचे बैठा है।

पुलिस को देख आरोपी के छूटे पसीने
सूचना मिलते ही पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो पुलिस की गाड़ी देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया। जब ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी ने शर्ट के नीचे पहनी बनियान में एक गत्ते का डिब्बा छिपा रखा था, जिसमें से 220 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।

कैप्सूलों को 'साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस' की श्रेणी में रखा
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर की राय के बाद बरामद कैप्सूलों को 'साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस' की श्रेणी में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी विष्णु दत्त के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 22B, 61 और 85 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह खेप कहाँ से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था।

हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें।  यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।

7