Political attack on Ambedkar Jayanti: संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर रोहतक के अंबेडकर चौक पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। ग्रोवर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का लोकतंत्र में कभी विश्वास नहीं रहा और वे केवल संविधान की किताब का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहे हैं।
कांग्रेस लोकतंत्र की उड़ा रही धज्जियां
मनीष ग्रोवर ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी खाली संविधान की किताब लेकर घूमते हैं, लेकिन उन्होंने किताब के अंदर क्या लिखा है, इसे कभी पढ़ा ही नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज लोकतंत्र की धज्जियां उड़ा रही है, जबकि उनका इतिहास ही लोकतंत्र की हत्या करने का रहा है।
बाबा साहेब और कांग्रेस के टकराव पर बोले ग्रोवर
पूर्व मंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने जब धारा 370 लगाई थी, तब बाबा साहेब ने उसका पुरजोर विरोध किया था। ग्रोवर ने याद दिलाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ हमेशा अन्याय किया और उन्हें दो बार चुनाव हराने का काम किया। उन्होंने कहा, "1951 के उपचुनावों में भी कांग्रेस ने बाबा साहेब के साथ भद्दा मजाक किया था। आज भाजपा ने देश में 5 स्थानों पर 'पंचतीर्थ' बनाकर उन्हें असली सम्मान दिया है।"
भाजपा ने दिया 33 प्रतिशत महिला आरक्षण
ग्रोवर ने आपातकाल और धारा 356 के दुरुपयोग का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राज्यों की सरकारों को गिराकर लोकतंत्र का गला घोंटा है। उन्होंने महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कहा कि जब भाजपा 33 प्रतिशत आरक्षण लेकर आई, तो कांग्रेस ने इस पर भी राजनीति शुरू कर दी, जबकि पहले वे इसे जल्दी लाने की मांग कर रहे थे।
राष्ट्र निर्माण में बाबा साहेब का योगदान
अंत में ग्रोवर ने कहा कि बाबा साहेब द्वारा लिखे गए संविधान ने ही हमें लोकतंत्र में जीना सिखाया है और समाज की कुरीतियों को दूर किया है। संविधान के कारण ही आज विश्व में भारत के लोकतंत्र की एक बड़ी पहचान है।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।










