Logo
AFG vs SA: टी20 विश्व कप 2026 के एक अहम मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने अफगानिस्तान को डबल सुपर ओवर में हराया। अफगानिस्तान को 24 रन बनाने थे। लेकिन वो 19 रन बना सके। गुरबाज ने लगातार तीन छक्के उड़ाए फिर भी टीम को जीत नहीं दिला सके।

AFG vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप 2026 के एक रोमांचक मुकाबले में अफगानिस्तान को हराया। मैच का नतीजा दूसरे सुपर ओवर में निकला। टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में ऐसी पहली बार हुआ, जब किसी मैच के नतीजे के लिए दूसरे सुपर ओवर का सहारा लेना पड़ा। दूसरे सुपर में अफगानिस्तान को 24 रन चाहिए थे, लेकिन टीम 19 रन बना सकी। रहमानुल्लाह गुरबाज ने दूसरे सुपर ओवर में केशव महाराज के खिलाफ लगातार तीन छक्के लगाए। लेकिन आखिरी गेंद पर वो बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में कैच आउट हो गए और दूसरा विकेट गिरते ही अफगानिस्तान मुकाबला हार गया। 

दूसरे सुपर ओवर में दक्षिण अफ्रीका ने 6 गेंद में 23 रन बनाए थे और अफगानिस्तान को 24 रन का लक्ष्य दिया था। जवाब में अफगानिस्तान की शुरुआत ही खराब रही। पहली गेंद पर मोहम्मद नबी रन नहीं बना सके और दूसरी गेंद पर वो कैच आउट हुए। यहां से रहमानुल्लाह गुरबाज ने तीसरी, चौथी और 5वीं गेंद पर छक्के लगाए और मैच में अफगानिस्तान की वापसी करा दी। 

अब आखिरी गेंद में अफगानिस्तान को जीत के लिए 5 रन की दरकार थी। एक बड़े हिट से बात बन सकती थी। गुरबाज ने केशव महाराज की आखिरी गेंद को भी हवाई सैर कराने का फैसला लिया लेकिन वो सफल नहीं हो सके और पॉइंट पर कैच आउट हो गए। इस तरह अफगानिस्तान दूसरे सुपर ओवर में मैच गंवा बैठा।  इससे पहले, ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर ने 3 छक्के लगाकर साउथ अफ्रीका को दूसरे सुपर ओवर में 23 रन तक पहुंचाया था।

पहले सुपर ओवर में दोनों टीमों ने एक बराबर 17-17 रन बनाए थे। पहले सुपर ओवर की आखिरी गेंद पर ट्रिस्टन स्टब्स ने छक्का मारकर स्कोर बराबर किया था। 

इससे पहले, दोनों के बीच मैच टाई हो गया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 187 रन बनाए थे। क्विंटन डिकॉक ने 61 और रयान रिकेल्टन ने 59 रन की पारी खेली थी। 188 रन का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में 13 रन की दरकार थी और 9 विकेट गिर चुके थे। गेंद रबाडा के हाथ में थी। उन्होंने शुरुआत खऱाब की। पहली गेंद नो बॉल और दूसरी वाइड रही। यानी बिना एक भी लीगल गेंद के अफगानिस्तान के खाते में 2 रन जुड़ गए थे। इसके बाद पहली लीगल गेंद खाली रही, लेकिन दूसरी पर नूर अहमद ने छक्का जड़ दिया था। इसके बाद चौथी गेंद नो बॉल रही, जिस पर अफगानिस्तान ने कुल तीन रन जोड़ लिए। 

अब आखिरी 3 गेंद में अफगानिस्तान को दो रन की जरूरत थी लेकिन चौथी गेंद में अतिरिक्त रन चुराने के चक्कर में फजलहक फारुकी रन आउट हो गए और मैच टाई हो गया। 

5379487