haribhoomi hindi news
Prabath Jayasuriya record: श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ गॉल टेस्ट में गदर काट दिया। उन्होंने न्यूजीलैंड की पहली पारी में 6 विकेट झटके। ये गॉल में उनका 8वां फाइव विकेट हॉल है।

Prabath Jayasuriya record: श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने न्यूजीलैंड के खिलाफ गॉल टेस्ट में कमाल कर दिया। प्रभात ने न्यूजीलैंड को 88 रन पर समेटेने में अहम रोल निभाया। प्रभात ने 42 रन देकर 6 विकेट झटके। प्रभात का ये टेस्ट करियर का 9वां फाइव विकेट हॉल था और इसमें से 8 बार उन्होंने ये कमाल गॉल में किया है और वो भी सिर्फ 15 पारियों में। 

प्रभात जयसूर्या ने जुलाई 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गॉल टेस्ट से डेब्यू किया था और डेब्यू के बाद से अबतक टेस्ट में सबसे अधिक विकेट उनके नाम ही हैं। डेब्यू के बाद से प्रभात अबतक 94 विकेट ले चुके हैं। इसके लिए उन्होंने सिर्फ 30 पारियां ली हैं।

इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन आते हैं। उन्होंने प्रभात के डेब्यू के बाद से 36 पारियों में 94 विकेट लिए हैं। भारतीय ऑफ स्पिनर आऱ अश्निन तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 30 पारियों में 81 विकेट झटके हैं। मिचेल स्टार्क ने 35 पारियों में 75 विकेट लिए हैं। जबकि पैट कमिंस के नाम 35 पारियों में 71 सफलताएं हैं। 

इसके साथ ही प्रभात दिग्गज गेंदबाजों के क्लब में शामिल हो गए हैं। श्रीलंका की तरफ से सबसे अधिक 67 5 विकेट हॉल मुथैया मुरलीधरन ने लिया था। इसके बाद रंगना हेराथ आते हैं। उन्होंने टेस्ट में 34 बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा किया था।

तीसरे स्थान पर पेसर चामिंडा वास हैं। उन्होंने टेस्ट की एक पारी में 12 बार पांच विकेट लिए थे और अब प्रभात चौथे स्थान पर आ गए हैं। उन्होंने 29 पारियों में 9 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। 

जहां तक श्रीलंका और न्यूजीलैंड के बीच गॉल टेस्ट की बात है तो मैच के तीसरे दिन शनिवार को न्यूजीलैंड ने अपने कल के 22/2 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया और महज 88 रन पर पूरी टीम ढेर हो गई। प्रभात जयसूर्या और डेब्यूटेंट निशान पेरिस के आगे कीवी बल्लेबाजों ने सरेंडर कर दिया। पेरिस ने तीन विकेट झटके तो प्रभात के खाते में 6 विकेट आए। इससे पहले, श्रीलंका ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 602 रन के स्कोर पर घोषित की थी। कामिंदु मेंडिस और दिनेश चांदीमल ने शतक जमाए थे। 

7