T20 World cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्या एक बार फिर क्रिकेट का सबसे बड़ा महामुकाबला देखने को मिलेगा? क्या भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल या सीधे फाइनल में आमने-सामने आ सकते हैं? मौजूदा समीकरण में इसकी संभावना है। पाकिस्तान की किस्मत अब उसके आखिरी सुपर-8 मुकाबले पर टिकी है। वहीं भारत के लिए भी सेमीफाइनल का रास्ता सिर्फ जीत पर टिका है।
अगर नेट रन रेट का गणित पाकिस्तान के पक्ष में बैठ गया और भारत अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गया, तो नॉकआउट में हाई-वोल्टेज भारत-पाक टक्कर लगभग तय मानी जाएगी। यानी 28 फरवरी का मुकाबला सिर्फ पाकिस्तान के लिए ही नहीं, बल्कि करोड़ों क्रिकेट फैंस के लिए भी निर्णायक साबित हो सकता है।
हालांकि सुपर-8 में पाकिस्तान की राह बेहद मुश्किल हो गई है। ग्रुप-2 में टीम तीसरे स्थान पर है और दो मैचों में सिर्फ 1 अंक ही जुटा सकी है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबला बारिश में धुल गया, जबकि इंग्लैंड से हार ने हालात और कठिन बना दिए।
नेट रन रेट का गणित समझिए
पाकिस्तान के लिए सिर्फ जीत काफी नहीं है, बल्कि उसे श्रीलंका को कम से कम 65 रन से हराना होगा। या फिर लक्ष्य का पीछा करते हुए 13 ओवर के भीतर जीत हासिल करनी होगी, तभी वह नेट रन रेट के आधार पर न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ सकेगा।
श्रीलंका पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है, लेकिन पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला अस्तित्व की लड़ाई जैसा है।
भारत से टक्कर कैसे संभव?
अगर पाकिस्तान सुपर-8 में दूसरे स्थान पर पहुंचता है और भारत अपने आखिरी मैच में वेस्टइंडीज को बड़े अंतर से हराकर ग्रुप टॉपर बनता है, तो दोनों टीमों की भिड़ंत सेमीफाइनल में हो सकती है। ग्रुप स्टेज में भारत पहले ही पाकिस्तान को हरा चुका है। ऐसे में नॉकआउट में संभावित टक्कर हाई-वोल्टेज मुकाबला साबित हो सकती है।
फाइनल में भी हो सकती है भिड़ंत?
एक और रोमांचक संभावना है। अगर पाकिस्तान सेमीफाइनल जीतता है और भारत भी अपने सेमीफाइनल में विजय हासिल कर लेता है, तो दोनों की सीधी टक्कर फाइनल में हो सकती है। क्रिकेट फैंस के लिए इससे बड़ा मंच शायद ही कोई हो।
सबकी नजर 28 फरवरी पर
अब सारा खेल नेट रन रेट का है। पाकिस्तान को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में दम दिखाना होगा। भारत की स्थिति फिलहाल मजबूत मानी जा रही है, लेकिन क्रिकेट में समीकरण पलटने में देर नहीं लगती।
अगर पाकिस्तान चुनौती पार कर लेता है, तो T20 World Cup 2026 में एक और भारत-पाक महामुकाबला लगभग तय माना जाएगा।









