भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह और पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज तनवीर अहमद के बीच जुबानी जंग ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। मामला तब गरमाया जब हरभजन ने अपने ILT20 के ब्रॉडकास्टर रोल को लेकर तनवीर की टिप्पणियों पर तीखा जवाब दिया।
दरअसल, भारत-पाकिस्तान के अहम मुकाबले से पहले पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक की विवादित गेंदबाजी एक्शन चर्चा में थी। इसी दौरान तनवीर अहमद ने टीवी चैनल पर हरभजन के ब्रॉडकास्टिंग स्टाइल और पाक खिलाड़ियों से सवाल पूछने को लेकर टिप्पणी कर दी। यह बात हरभजन को नागवार गुजरी और उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर खुलकर भड़ास निकाली।
हरभजन का तनवीर अहमद पर फूटा गुस्सा
हरभजन ने अपने यू-ट्यूब चैनल पर कहा, 'यह वीडियो टुच्चे इंसान के लिए है, जिसने मेरे बारे में कुछ बातें कही हैं। असल में, मुझे तो यह भी नहीं पता कि वह कौन है लेकिन क्योंकि मैं बार-बार देखता हूं, वह किसी न किसी प्लेटफॉर्म पर अपना ड्रामा करता है। सबसे पहले, मैं जानना चाहता हूं कि यह आदमी कौन है? उसका नाम तनवीर अहमद है। उसने पाकिस्तान के लिए कुछ 3-4 मैच खेले हैं, और वह ऐसा बर्ताव करता है जैसे वह इमरान खान, या वसीम अकरम या वकार युनूस हो। शर्म आनी चाहिए तुम्हें।
ILT20 लीग में कॉमेंट्री को लेकर हुआ था विवाद
पूर्व भारतीय स्पिनर ने आगे कहा कि मैं ILT20 में एक ब्रॉडकास्टर के तौर पर अपना रोल निभा रहा था। एक ब्रॉडकास्टर का क्या रोल होता है? जब कोई मैन ऑफ़ द मैच अवॉर्ड जीतता है, तो आप उससे सवाल पूछते हैं, है ना? पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक ने तीन विकेट लिए और अपनी टीम के लिए मैच जिताया। एक ब्रॉडकास्टर के तौर पर, ज़ाहिर है मुझे उससे सवाल पूछने चाहिए थे। लेकिन जब मैंने ऐसा किया, तो इस आदमी (तनवीर अहमद) को प्रॉब्लम हो गई। अगर मैंने उससे सवाल नहीं पूछे होते, तो वह फिर सोचता कि क्योंकि वह पाकिस्तान से है, इसलिए मैंने उससे सवाल नहीं पूछे।' इसी को लेकर उन्होंने तनवीर पर निशाना साधते हुए उनकी क्रिकेट उपलब्धियों और बयानों पर सवाल उठाए।
हरभजन यहीं नहीं रूके उन्होंने तनवीर अहमद को आगे किसी भी भारतीय क्रिकेटर का नाम इस्तेमाल न करने की चेतावनी दी और साफ कर दिया कि अगर आगे ऐसा हुआ तो उसके गंभीर नतीदे भुगतने पड़ सकते हैं।
हरभजन ने अपने वीडियो में आगे कहा, 'मेरी बात सुनो। मैं तो जानता भी नहीं कि तुम कौन हो। पाकिस्तान के किसी भी महान खिलाड़ी ने ऐसी बात नहीं कही। उनकी बहुत इज्ज़त की जाती है। लेकिन तुम जैसे लोग, जिन्होंने कभी कुछ हासिल नहीं किया, वे बस सस्ते चैनलों पर बैठकर बकवास कर सकते हैं। तुम्हें बोलने की तमीज़ नहीं है। यही फ़र्क है 5 मैच खेलने वाले और 100 खेलने वाले प्लेयर में। तनवीर अहमद, खुद को देखो और बकवास करना बंद करो। जहां तक मेरा सवाल है, बस चले जाओ। अगली बार ऐसा हुआ तो, तेरी धज्जियां उड़ा दूंगा। तो दफ़ा हो जाओ।'











