Logo
पणजी नगर निगम चुनाव में बीजेपी के 'बाबुश' पैनल ने विपक्ष का सूपड़ा साफ कर दिया है। 30 में से 27 वार्ड जीतकर बीजेपी ने अपनी पकड़ मजबूत की है। जानें पूरी डिटेल।

Panaji Municipal Corporation Election Results 2026: गोवा की राजधानी में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर अपना राजनीतिक दबदबा साबित किया है। शुक्रवार, 13 मार्च को घोषित हुए पणजी नगर निगम (CCP) चुनाव परिणामों में कैबिनेट मंत्री अटानासियो 'बाबुश' मोनसेरात समर्थित पैनल ने विपक्षी गठबंधन 'अमी पणजेकर' को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। बीजेपी समर्थित इस पैनल ने कुल 30 वार्डों में से 27 पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वहीं, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों समर्थित उत्पल पर्रिकर के 'अमी पणजेकर' पैनल को मात्र 3 वार्डों से संतोष करना पड़ा।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में हुई मतगणना
चुनाव के लिए मतदान बुधवार, 11 मार्च को हुआ था, जिसके बाद आज सुबह 8:00 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में वोटों की गिनती शुरू हुई। जैसे-जैसे नतीजे सामने आए, बीजेपी के खेमे में जश्न का माहौल बन गया। प्रमोद सावंत सरकार में मंत्री बाबुश मोनसेरात ने इस जीत को बीजेपी की अटूट शक्ति का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि एकजुट विपक्ष भी बीजेपी के किले में सेंध लगाने में नाकाम रहा। पार्टी अब 2027 की शुरुआत में होने वाले गोवा विधानसभा चुनावों पर अपनी नजरें टिकाए हुए है।

वार्डवार नतीजों में बीजेपी का दबदबा
बीजेपी पैनल की ओर से वार्ड नंबर 1 से युतिका जाम्बौलिकर, वार्ड 4 से रोहित मोनसेरात और वार्ड 13 से उदय मडकैकर सहित कुल 27 उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। अन्य प्रमुख विजेताओं में किशोर शास्त्री, कबीर फिलीपे पिंटो मखीजा और प्रसाद अमोनकर शामिल हैं। वार्ड दर वार्ड बीजेपी के उम्मीदवारों ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की, जिससे विपक्ष की रणनीति धरी की धरी रह गई।

विपक्षी पैनल 'अमी पणजेकर' की मामूली बढ़त
दूसरी तरफ, विपक्षी गठबंधन 'अमी पणजेकर' केवल तीन वार्डों—वार्ड नंबर 7, 17 और 29 पर ही जीत दर्ज कर पाया। वार्ड 7 से लियोनिद फोर्टाडो ने जीत हासिल की, जबकि वार्ड 17 में जैक अजीत सुखीजा ने कड़े मुकाबले में बीजेपी के डेनिस एडवर्ड फ्रांसिस जॉर्ज को मात्र 2 वोटों के मामूली अंतर से हराया। वार्ड 29 से लिबरेट मंडेस ई अचारी विजेता रहीं।

रिकॉर्ड मतदान
इस बार पणजी नगर निगम चुनाव में कुल 69.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। सबसे अधिक वोटिंग वार्ड नंबर 23 में हुई, जहां 81.94 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 30 वार्डों में से 10 वार्ड महिलाओं के लिए, 8 ओबीसी के लिए और 1 वार्ड एसटी वर्ग के लिए आरक्षित था। यह परिणाम 2021 के चुनाव की याद दिलाते हैं, जब बीजेपी ने 25 वार्ड जीते थे। इस बार 27 वार्ड जीतकर बाबुश मोनसेरात ने शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रबंधन पर अपनी पकड़ और भी मजबूत कर ली है।

5379487