Logo
election banner
CM Nayab Singh Saini Floor Test Update: 12 मार्च को सैनी ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद राज्यपाल को 48 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था। यह पूरा घटनाक्रम जननायक जनता पार्टी (JJP) से गठबंधन टूटने के बाद हुआ।

CM Nayab Singh Saini Floor Test Update: हरियाणा विधानसभा में नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विश्वास मत हासिल कर लिया है। इससे पहले चर्चा में 17 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह ने मनोहर सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बहुत सारे काम किए हैं, अगर उनको हम गिनवाएंगे तो बहुत समय लगेगा। पहली बार आज सदन में आया हूं और विश्वास मत को लेकर चर्चा चल रही है। मैं ज्यादा इस विषय पर नहीं बोलूंगा। मैं इस सदन को विश्वास में लेकर कहना चाहूंगा कि हमने कड़ी मेहनत से हरियाणा के लोगों के लिए जुटना है। उनके लिए नई योजनाएं लाएं, हमें उस पर काम करना है। 

नायब सिंह ने कहा कि मैं दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गृह मंत्री अमित शाह, हरियाणा के लोकप्रिय मुख्यमंत्री रह चुके मनोहर लाल का दिल से धन्यवाद करता हूं। मैं आज इस सदन के अंदर ये निवेदन करना चाहूंगा, क्योंकि हमारी सरकार पहले भी विश्वास में थी, आज भी है। जनता का भी विश्वास हमारी सरकार के साथ है।

तुम सीएम बदलते रहना, हम सरकार बदल देंगे
कार्यवाही के दौरान पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने बिना व्यवसाय सलाहकार समिति (BAC) की मीटिंग बुलाए विधानसभा सत्र बुलाने का आरोप लगाया। इस पर स्पीकर ने कहा कि आपका शिष्टाचार मैंने देखा है कि 2012 में कैसे आपने बिना बीएसी की मीटिंग के इमरजेंसी मीटिंग बुलाई थी। भूपेंद्र हुड्डा ने सदन में शेयर पढ़ा। उन्होंने कहा कि मालूम था सबको एक दिन बेवफा यार बदलेंगे। नाटक वही रहेगा, किरदार बदलेंगे। तुम सीएम बदलते रहना, हम एक दिन पूरी सरकार बदलेंगे। कांग्रेस ने बैलट पेपर से वोटिंग की मांग की, लेकिन स्पीकर ने इसे खारिज कर दिया। 

कल यानी 12 मार्च को सैनी ने मुख्यमंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने के बाद राज्यपाल को 48 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपा था। यह पूरा घटनाक्रम जननायक जनता पार्टी (JJP) से गठबंधन टूटने के बाद हुआ। मनोहर लाल खट्टर ने सीएम पद से इस्तीफा दिया था।

व्हिप के बावजूद सदन पहुंचे जजपा के 4 विधायक
जजपा ने पार्टी विधायकों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें विधायकों को सदन से गैर हाजिर रहने का निर्देश दिया गया है। यह व्हिप हरियाणा विधानसभा के मुख्य सचेतक अमरजीत ढांडा की तरफ से जारी किया। बावजूद इसके 4 विधायक विधानसभा पहुंचे। इनमें जोगीराम सिहाग, रामकुमार गौतम, ईश्वर सिंह और देवेंद्र बबली शामिल हैं। हालांकि कुछ देर बाद लौट गए। 

अनिल विज बोले- मैं भाजपा का भगत
भाजपा नेता अनिल विज मंगलवार को शपथ ग्रहण समारोह में नहीं पहुंचे थे। उनकी नाराजगी की खबरें आ रही थीं। इस बीच बुधवार को उन्होंने कहा कि मैं भाजपा का भगत हूं। परिस्थतियां बदलती रहती हैं। मैंने हर परिस्थति में भाजपा के लिए काम किया है। अब तो और ज्यादा काम करूंगा। 

पढ़िए बुधवार को क्या-क्या हुआ?

  • भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 54 वर्षीय नायब सिंह सैनी ने मंगलवार शाम चंडीगढ़ में जल्दबाजी में आयोजित एक समारोह में हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके कुछ ही घंटों पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने मंत्रिमंडल के साथ इस्तीफा दे दिया।
  • नायब सिंह सैनी ने 48 विधायकों के समर्थन का दावा किया है। सैनी ने मंगलवार को कहा कि हमने राज्यपाल से विधानसभा सत्र बुलाने का आग्रह किया है, हम सदन में अपना बहुमत साबित करेंगे।
Haryana Special Assembly Session
Haryana Special Assembly Session
  • भाजपा को 7 निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है। इसे बाद उसका आंकड़ा 48 हो गया है। 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत के आंकड़े से यह 2 अधिक है। दुष्‍यंत चौटाला की जजपा के पांच विधायकों के भी बीजेपी में शामिल होने की संभावना है।
  • आगामी लोकसभा चुनाव के लिए राज्य में सीट बंटवारे को लेकर बीजेपी और जजपा के बीच मतभेद हो गया। जबकि भाजपा सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी। जजपा 2019 के चुनाव में कोई भी सीट जीतने में विफल रही। वह इस बार कम से कम दो सीटें चाहती थी।
  • लोकसभा चुनाव और अक्टूबर में होने वाले हरियाणा चुनाव से कुछ हफ्ते पहले बीजेपी में बड़ा बदलाव आया है। सोमवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता मनोहर लाल खट्टर और पूरे मंत्रिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद इस्तीफा दे दिया। कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की जजपा के तीन सदस्य भी शामिल थे।   
Haryana
यह फोटो गुरुग्राम की है, जब पीएम मोदी ने हरियाणा में द्वारका एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया था।
  • मनोहर लाल खट्टर के लोकसभा चुनाव लड़ने की संभावना है। उन्हें कुरूक्षेत्र या करनाल सीट से लड़ाया जा सकता है। नायब सिंह सैनी वर्तमान में कुरुक्षेत्र से सांसद हैं।
  • नायब सिंह सैनी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) नेता हैं। राज्य में 30 फीसदी ओबीसी आबादी है। इसी वजह से अक्टूबर 2023 में ओपी धनखड़ की जगह उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। 
  • जजपा ने कहा है कि वह सभी 10 सीटों पर अपने दम पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी। उम्मीद है कि दुष्यंत चौटाला बुधवार को पार्टी की एक रैली में अपने अभियान का ऐलान कर सकते हैं। 
  • दुष्यंत चौटाला ने मंगलवार को एक एक्स पोस्ट में कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि जननायक चौधरी देवीलाल जी के नक्शेकदम पर चलते हुए मैं हमेशा हरियाणा और हरियाणा के लोगों के हितों की रक्षा के लिए समर्पित रहूंगा। हरियाणा के लोगों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा के लिए हमारे प्रयास जारी रहेंगे। 
jindal steel Ad
5379487