Garlic Bread: रेस्टोरेंट जैसी गार्लिक ब्रेड घर पर बनाएं, इस तरीके से करें तैयार, सब चाव से खाएंगे

गार्लिक ब्रेड बनाने का तरीका।
Garlic Bread: गार्लिक ब्रेड का नाम सुनते ही मुंह में पानी आ जाता है। कुरकुरी ब्रेड, ऊपर से मक्खन और लहसुन की खुशबू यह कॉम्बिनेशन बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है। अक्सर लोग इसे बाहर कैफे या पिज़्ज़ा आउटलेट से मंगवाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि गार्लिक ब्रेड घर पर भी बेहद आसानी से बनाई जा सकती है?
अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं या फिर पिज़्ज़ा, पास्ता के साथ साइड डिश बनाना चाहते हैं, तो यह होममेड गार्लिक ब्रेड परफेक्ट ऑप्शन है। अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो ओवन की जरूरत है और न ही ज्यादा समय।
गार्लिक ब्रेड बनाने के लिए सामग्री
- ब्रेड स्लाइस - 6
- मक्खन - 3 टेबलस्पून (सॉफ्ट)
- लहसुन - 5-6 कलियां (बारीक कटी हुई)
- धनिया पत्ती - 2 टेबलस्पून (बारीक कटी)
- लाल मिर्च फ्लेक्स - 1/2 टीस्पून
- मिक्स हर्ब्स / ओरेगैनो - 1/2 टीस्पून
- नमक - स्वादानुसार
- चीज़ (ऑप्शनल) - 2 टेबलस्पून (कद्दूकस की हुई)
गार्लिक ब्रेड बनाने का तरीका
होटल जैसी गार्लिक ब्रेड बनाना ज्यादा मुश्किल नहीं है। इसके लिए एक बाउल में सॉफ्ट मक्खन लें। इसमें बारीक कटा लहसुन, नमक, लाल मिर्च फ्लेक्स, मिक्स हर्ब्स और धनिया पत्ती डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। अगर आपको चीज़ पसंद है, तो इसमें थोड़ा चीज़ भी मिला सकते हैं।
ब्रेड स्लाइस लें और एक साइड पर तैयार किया हुआ गार्लिक बटर अच्छे से फैलाएं। ध्यान रखें कि बटर की लेयर मोटी न हो, ताकि ब्रेड जले नहीं और स्वाद भी बैलेंस रहे।
एक नॉन-स्टिक तवा गरम करें और धीमी आंच पर ब्रेड को बटर वाली साइड नीचे रख दें। ढक्कन ढककर 2-3 मिनट तक सेकें। जब नीचे से ब्रेड सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो पलटकर दूसरी साइड हल्की सेंक लें।
अगर आपको ज्यादा क्रिस्पी गार्लिक ब्रेड पसंद है, तो ब्रेड को पलटने के बाद ढक्कन हटाकर हल्की आंच पर सेंकें। इससे नमी निकल जाएगी और ब्रेड और भी कुरकुरी बनेगी।
गरम-गरम गार्लिक ब्रेड को तिकोने टुकड़ों में काटें। इसे टोमैटो केचप, मयोनीज़ या चीज़ डिप के साथ सर्व करें। यह बच्चों के टिफिन और पार्टी स्नैक दोनों के लिए बढ़िया है।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
लेखक: (कीर्ति)
