IDBI Bank Recruitment 2026: बैंकिंग सेक्टर में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। आईडीबीआई बैंक ने जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (JAM) और असिस्टेंट मैनेजर के कुल 1300 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार बैंक की आधिकारिक वेबसाइट idbi.bank.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
जूनियर असिस्टेंट मैनेजर (JAM ग्रेड ‘O’) पद के लिए उम्मीदवार के पास AICTE/UGC से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में स्नातक डिग्री होना जरूरी है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कम से कम 60% अंक, जबकि एससी, एसटी और पीडब्ल्यूबीडी उम्मीदवारों के लिए 55% अंक अनिवार्य हैं। इस पद के लिए केवल डिप्लोमा करने वाले उम्मीदवार पात्र नहीं होंगे। आयु सीमा की बात करें तो उम्मीदवार की उम्र 1 मार्च 2026 तक 20 से 25 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
वहीं असिस्टेंट मैनेजर (ग्रेड ‘A’) पद के लिए भी उम्मीदवार के पास मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक डिग्री होना अनिवार्य है। इसके अलावा किसी सरकारी बैंक, निजी बैंक, सहकारी बैंक या क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक में कम से कम 2 साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। जिन उम्मीदवारों को ब्रांच बैंकिंग, ऑपरेशन, लोन, सेल्स या अन्य बैंकिंग कार्यों का अनुभव है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी। इस पद के लिए आयु सीमा 21 से 30 वर्ष निर्धारित की गई है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 1050 रुपये निर्धारित किए गए हैं। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 250 रुपये आवेदन शुल्क रखा गया है। उम्मीदवार शुल्क का भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग, IMPS, कैश कार्ड, मोबाइल वॉलेट या ई-चालान के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं।










