Hari bhoomi hindi news chhattisgarh
toggle-bar

मेरी ईश्वर में गहरी आस्था हैः शक्ति अरोड़ा

मेरी ईश्वर में गहरी आस्था है।

मेरी ईश्वर में गहरी आस्था हैः शक्ति अरोड़ा
X

मुंबई. अपने चौदह-पंद्रह साल के करियर में शक्ति अरोड़ा ने कई हिट सीरियल्स में काम किया। जिसमें ‘दिल मिल गए’, ‘लेफ्ट-राइट-लेफ्ट’, ‘बा बहू और बेबी’, ‘तेरे लिए’, ‘अगले जन्म मोहे बिटिया ही कीजो’, ‘संस्कार लक्ष्मी’ और ‘पवित्र रिश्ता’ शामिल हैं। लेकिन जो कामयाबी उन्हें ‘मेरी आशिकी तुमसे ही’ में रणवीर के रोल में मिली, उसकी बात ही कुछ और है। आज शक्ति छोटे पर्दे के पॉपुलर फेस हैं। इन दिनों वे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के नए शो ‘मन में विश्वास है’ में सूत्रधार की भूमिका निभाते नजर आ रहे हैं। शो से जुड़ी बातचीत शक्ति अरोड़ा से।

किस तरह का शो है ‘मन में विश्वास है’?

हम सभी के मन में ईश्वर पर विश्वास किसी न किसी रूप में होता है। इस शो में ऐसे ही विश्वास से जुड़ी सच्ची कहानियां दिखाई जा रही हैं कि किस प्रकार मुश्किल वक्त में भी लोगों ने ईश्वर पर अपने विश्वास को बनाए रखा और असंभव दिखने वाला कार्य भी संभव हो गया। उनके विश्वास की जीत हुई। मैं इस शो में सूत्रधार की भूमिका में हूं।

इस शो के लिए हां करने की मुख्य वजह क्या रही?

पहली वजह तो यह रही कि मुझे अपनी पुरानी इमेज को ब्रेक करना था। कुछ नया करना चाहता था फिर से एक और डेली सोप नहीं करना चाहता था। इसलिए मैंने ‘मन में विश्वास है’ साइन किया। एक वजह और यह भी रही कि इस शो के लिए मुझे महीने में 15 दिन ही देने पड़ रहे हैं। बाकी के 15 दिन मेरे पास हैं। वैसे इन दिनों तो मैं थोड़ा रेस्ट के मूड में हूं, क्योंकि पिछले दिनों मैंने दिन-रात एक करके काम किया है। इसलिए थोड़ा आराम भी जरूरी है। एक और अहम बात यह भी है कि मैं इस शो से खुद को रिलेट करता हूं।

आप किस तरह खुद को शो से रिलेट करते हैं?

मेरी ईश्वर में गहरी आस्था है। बचपन से अपनी मां को सुबह नहाकर पूजा करते देखा है। इसीलिए पूजा-पाठ में आस्था भी है। मेरा मानना है, ईश्वर है, अगर हम सच्चे मन से ईश्वर पर विश्वास रखें और अपने अच्छे कर्म करते रहें, तो हमें वो सबकुछ जरूर मिलता है, जिसकी हम कामना करते हैं।

आपने ईश्वर से ऐसा क्या-क्या मांगा, जो पूरा हुआ और आपकी उनमें आस्था बढ़ गई?

पहले मुझे लीड रोल नहीं मिल रहे थे, मैंने भगवान से प्रार्थना की- हे भगवान मुझे एक लीड रोल दिला दो और मुझे एकता कपूर का शो मिल गया। मैंने इस शो में अपनी पूरी मेहनत लगा दी। यह बहुत बड़ा हिट शो रहा। इस तरह बचपन से ही ईश्वर से बहुत कुछ मांगता रहा हूं, वह भी मिलता रहा है। लेकिन सही बात यह भी है कि सिर्फ भगवान से मांगने भर से बात नहीं बनती। भगवान यह भी देखते हैं कि आप कितने मेहनती हैं। जैसे-जैसे आप सफल होते जाते हैं, आपका विश्वास बढ़ता जाता है, खुद पर भी और ईश्वर पर भी।

खबरों की अपडेट पाने के लिए लाइक करें हमारे इस फेसबुक पेज को फेसबुक हरिभूमि, हमें फॉलो करें ट्विटर और पिंटरेस्‍ट पर-

और पढ़े: Haryana News | Chhattisgarh News | MP News | Aaj Ka Rashifal | Jokes | Haryana Video News | Haryana News App

और पढ़ें
Next Story