Vijay Rashmika Wedding: साउथ सिनेमा के चर्चित सितारे विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना एक बार फिर अपनी शादी की खबरों को लेकर सुर्खियों में हैं। लंबे समय से दोनों के रिलेशनशिप और सीक्रेट इंगेजमेंट की खबरें सामने आती रही हैं, हालांकि कपल ने कभी आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की। पहले उदयपुर में 2 फरवरी को शादी की अफवाह उड़ी थी, जो बाद में गलत साबित हुई।
अब सोशल मीडिया पर एक कथित शादी का कार्ड वायरल हो रहा है, जिससे शादी की खबरों ने फिर जोर पकड़ लिया है।
26 फरवरी को होगी शादी?
वायरल कार्ड के अनुसार विजय और रश्मिका 26 फरवरी 2026 को एक निजी समारोह में सात फेरे लेंगे। बताया जा रहा है कि शादी में केवल परिवार के लोग और करीबी दोस्त ही शामिल होंगे। इससे पहले भी दोनों की शादी को लेकर कई तारीखें सामने आ चुकी हैं, लेकिन वे अफवाह साबित हुई थी।
4 मार्च को ग्रैंड रिसेप्शन
कार्ड में यह भी दावा किया गया है कि शादी के बाद 4 मार्च 2026 को हैदराबाद के होटल ताज कृष्णा में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। शाम 7 बजे से शुरू होने वाले इस समारोह में इंडस्ट्री से जुड़े कई बड़े नाम शामिल हो सकते हैं।
क्या लिखा है कार्ड में?
कथित कार्ड में लिखा है कि परिवार के आशीर्वाद से दोनों 26.02.26 को एक छोटे और निजी समारोह में शादी कर रहे हैं। साथ ही 4 मार्च को होने वाले जश्न में शामिल होने का न्योता भी दिया गया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर दिखे साथ
हाल ही में दोनों को मुंबई एयरपोर्ट पर अलग-अलग पहुंचते देखा गया। हालांकि कुछ देर बाद वे एक ही कार में रवाना हुए। इसके बाद से शादी की अटकलें और तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि विजय की टीम पहले ही यह संकेत दे चुकी है कि उनकी शादी की तैयारी चल रही है, लेकिन तारीख का खुलासा नहीं किया गया था। अब देखना होगा कि वायरल कार्ड की खबरों पर कपल कब आधिकारिक मुहर लगाता हैं या नहीं।










