Delhi Bribe Case: दिल्ली के पश्चिम विहार से एक रिश्वत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि यहां पर सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए एक केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। सीबीआई जांच में सामने आया है कि किसी मामले को निपटाने के बदले SI ने रिश्वत की डिमांड की थी। फिलहाल सीबीआई आरोपी से पूछताछ करके पूरे मामले की जांच करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बाहरी जिला के पश्चिम विहार वेस्ट थाने में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआइ) ने सब-इंस्पेक्टर को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। सीबीआई के मुताबिक शुरुआत में 5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन बातचीत के बाद 3 लाख रुपये में डील तय हुई थी। इसी डील के तहत सब इंस्पेक्टर को 1 लाख रुपये की पहली किश्त लेते समय सीबीआइ ने गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को CBI ने कैसे पकड़ा ?
पूरा मामला 26 मार्च को हुए एक झगड़े से जुड़ा हुआ है। सब इंस्पेक्टर पर आरोप है कि उसने पीड़ित से मामले को प्रभावित करने और राहत देने के एवज में पैसे मांगे थे। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत CBI से कर दी थी। जिसके बाद CBI ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरु कर दी।
CBI ने पश्चिम विहार थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस ने भी सब इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि SI को बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। आंकड़ों की मानें तो CBI इस साल अब तक 20 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर चुकी है।









