haribhoomi hindi news
Delhi Police: दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन कवच के तहत शहर में ड्रग तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। दिल्ली पुलिस ने एक विदेशी ड्रग तस्कर आरोपी के पास से 10 करोड़ रुपए की कोकीन बरामद की है।

Delhi Police: दिल्ली पुलिस को ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑपरेशन कवच 13.0 के तहत विदेशी ड्रग सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए एक विदेशी आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.031 किलोग्राम कोकीन को बरामद किया है, जिसकी कीमत बाजार में 10 करोड़ के आसपास बताई जा रही है। इस कार्रवाई को ऑपरेशन कवच के तहत दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने किया है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान जॉन चिबुइके (जिसकी उम्र 34 साल है) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी नाइजीरिया का नागरिक है, जो दिल्ली के महरौली में इस्लाम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी साउथ और साउथ ईस्ट दिल्ली में कोकीन सप्लाई करने वाले एक बड़े आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा था, जो कि पिछले कुछ समय से इस नेटवर्क के विस्तार में लगा हुआ था।

पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुलिस को 30 मार्च को सूचना मिली थी कि एक विदेशी आदमी इलाके में बड़े स्तर पर कोकीन सप्लाई करने का काम करता है। इसके बाद पुलिस ने एक स्पेशल स्टाफ की टीम का गठन किया। गठन के बाद टीम ने तकनीकी और मैनुअल निगरानी के जरिए आरोपी पर नजर बनाए रखी और फिर बाद उसके ठिकानों पर छापेमारी की।

आरोपी के घर में मिली कोकीन

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया और इस दौरान उसके घर की तलाशी की तो घर में 1.031 किलोग्राम फाइन क्वालिटी की कोकीन मिली ,जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। दिल्ली पुलिस का मानना है कि यह कार्रवाई शहर में ड्रग सप्लाई के अवैध धंधे के लिए एक बड़ा झटका है।

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं कई मामले 

पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया कि आरोपी जॉन चिबुइके के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से ही एक मामला दर्ज है। यह केस साल 2022 में उसके खिलाफ दिल्ली के प्रीत विहार थाने में दर्ज हुआ था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महरौली थाने में संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

7