डौण्डीलोहारा। बालोद जिले के डौंडीलोहरा थाना समीप के ग्राम जोगीभाट में बैठक में चर्चा के दौरान विवाद पर एक युवक की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी 19 वर्ष सोहन कुमार साहू, 30 वर्ष परमेश्वर देशमुख, 40 वर्ष बेदलाल साहू, 45 वर्ष टोमन लाल साहू, 43 वर्ष लोकनाथ यादव को गिरफ्तार किया है, जो ग्राम जोगीभाट के निवासी हैं।
आरोपियों से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू एवं डंडा भी बरामद कर लिया गया है। प्रार्थी डोमेन्द्र कुमार देशमुख 35 वर्ष निवासी ग्राम जोगीभाट ने थाना डौण्डीलोहारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 अप्रैल की रात लगभग 10 बजे ग्राम जोगीभाट स्थित शीतला मंदिर में गांव की समस्याओं के समाधान एवं मंदिर में ताला लगाने के विषय को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव के कई लोग उपस्थित थे।
अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी पुलिस
मामले में थाना डौण्डीलोहारा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। जांच के दौरान मुख्य आरोपी सोहन लाल साहू से घटना में प्रयुक्त चाकू तथा आरोपी परमेश्वर देशमुख से डंडा बरामद किया गया। अन्य आरोपी बेदलाल साहू, टोमन लाल साहू एवं लोकनाथ यादव को भी गिरफ्तार कर 3 अप्रैल को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता के संबंध में जांच जारी है। बैठक के दौरान बातचीत के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। घटना के दौरान आरोपी परमेश्वर देशमुख द्वारा डंडे से हमला किया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
विवाद बढ़ने पर बीच-बचाव करने पहुंचे कुणाल देशमुख पर मुख्य आरोपी सोहन लाल साहू ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने कुणाल के सीने और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विदित हो कि जोगीभाट ग्राम पंचायत बटेरा का आश्रित ग्राम है, प्रार्थी डोमेन्द्र देशमख ग्राम पंचायत का उपसरपंच है, जो कि मृतक का चाचा है।
(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)









