Google Doodle: आज गूगल पर क्यों दिख रहा Quadratic Equation का फॉर्मूला, जानें इस खास डूडल का मतलब
आज (12 नवंबर 2025) गूगल ने अपने नए Doodle के जरिए ‘Quadratic Equation’ यानी द्विघात समीकरण को मजेदार अंदाज में दिखाया है। जानिए इस खास गूगल डूडल का मतलब, इसकी कहानी और गणित से इसका गहरा रिश्ता।
Quadratic Equation Google Doodle 2025
Google Doodle Today: आज (12 नवंबर 2025) गूगल एक अलग और अनोखे अंदाज में दिखाई दे रहा है। सर्च इंजन के होम पेज पर विजिट करने पर गूगल नए अवतार में दिखाई दे रहा है। दरअसल, गूगल के Doodle में “Quadratic Equation” यानी द्विघात समीकरण को दर्शाया गया है। इस डूडल का नाम ‘Learning the Quadratic Equation’ रखा गया है। यह गणित का एक सबसे मूलभूत सूत्र है जिसने इंजीनियरिंग से लेकर अर्थशास्त्र तक कई समस्याओं को समझने में अहम योगदान दिया है। आइए जानते हैं, आज के डूडल की पूरी कहानी।
गूगल डूडल में आज क्या है खास?
भारत में गूगल ने 12 नवंबर 2025 को एक नया डूडल लॉन्च किया, जिसका नाम है ‘क्वाड्राटिक समीकरण सीखना’। यह डूडल दिखाता है कि क्वाड्राटिक समीकरण (जैसे y= ax² + bx + c = 0, सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है, बल्कि खेलों में गति और मूवमेंट समझाने में भी काम आता है। डूडल की तस्वीर में “Google” शब्द को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है — इसमें दूसरा “g” और “e” मिलकर दूसरे “o” को (जो बास्केटबॉल जैसा दिखता है) किक मारते हैं। गेंद “I” के ऊपर-नीचे उछलती हुई दिखाई देती है।
आसपास कुछ हस्तलिखित समीकरण भी दिखते हैं, जो बताते हैं कि क्वाड्राटिक समीकरण असल में कैसा दिखता है। एनीमेशन में गूगल का लोगो धीरे-धीरे पराबोला (घुमावदार वक्र) में बदलता है — यानी वही वक्र जो क्वाड्राटिक समीकरण से बनता है। इसमें यह दिखाया जाता है कि a, b, और c जैसे नंबर बदलने से वक्र का आकार और स्थिति कैसे बदलती है।
कुछ ही सेकंड में डूडल यह भी दिखाता है कि इस समीकरण के रूट्स (roots) यानी समाधान कहाँ मिलते हैं- वो बिंदु जहाँ वक्र x-अक्ष को काटता है।
डूडल के पीछे की कहानी
यह डूडल सही समय पर लॉन्च किया गया है, क्योंकि अक्टूबर और नवंबर में ज़्यादातर स्कूलों में क्वाड्राटिक समीकरण पढ़ाया जाता है। गूगल चाहता है कि छात्र और शिक्षक गणित को केवल कठिन विषय न समझें, बल्कि इसे इंटरैक्टिव और मजेदार तरीके से सीखें। जब आप इस डूडल पर क्लिक करते हैं, तो यह आपको एक ऐसे पेज पर ले जाता है जहाँ आप इस समीकरण को हल करना सीख सकते हैं, और इसके इतिहास व उपयोगों के बारे में भी जानकारी पा सकते हैं। गूगल की वेबसाइट के अनुसार, पहला गूगल डूडल तब बनाया गया था जब इसके संस्थापक लैरी और सर्जी छुट्टी पर गए थे- यह एक तरह का “हम ऑफिस से बाहर हैं” संदेश था।