मेरठ के बाद गोंडा में कांड: धर्मेंद्र से लव मैरिज के बाद नीरज से प्यार; पकड़ी गई तो माया बोली-'काटकर ड्रम में भरवा दूंगी'

उत्तर प्रदेश के मेरठ 'ड्रम कांड' के बाद एक और चौंकाने वाला केस सामने आया है। गोंडा में पति से झगड़े के बाद पत्नी ने धमकी दी कि 'मेरठ हत्याकांड की तरह तुम्हें भी काटकर ड्रम में भरवा दूंगी'।

Updated On 2025-03-31 09:39:00 IST
Gonda husband-wife Controversy

Gonda husband-wife Controversy: उत्तर प्रदेश के मेरठ 'ड्रम कांड' के बाद एक और चौंकाने वाला केस सामने आया है। गोंडा में पति से झगड़े के बाद पत्नी ने खौफनाक रूप धारण कर लिया। महिला ने पति को धमकी दी कि 'मेरठ हत्याकांड की तरह तुम्हें भी काटकर ड्रम में भरवा दूंगी'। पत्नी की धमकी से पति दहशत में है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने पुलिस से शिकायत की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानिए पति-पत्नी के विवाद की पूरी कहानी...। 

जानिए विवाद की पूरी कहानी 
गोंडा जल निगम के जूनियर इंजीनियर (जेई) धर्मेंद्र कुशवाहा की शादी 2016 में बस्ती की माया मौर्या हुई थी। दोनों ने लव मैरिज की थी। बेटी के जन्म के बाद  धर्मेंद्र ने पत्नी के नाम से तीन चार पहिया वाहन खरीदे और किस्त चुकाते रहे। धर्मेंद्र ने 2022 में माया के नाम से जमीन खरीदी और मकान निर्माण का ठेका उसके रिश्तेदार नीरज मौर्या को दिया। इसी बीच माया अपने रिश्तेदार के करीब आ गई। कोविड-19 काल में नीरज की पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद नीरज और माया के बीच संबंध गहरे हो गए। 

आपत्तिजनक हालत में मिले 
धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि उसने 7 जुलाई 2024 को माया और नीरज को आपत्तिजनक हालत में देखा। धर्मेंद्र ने विरोध किया तो माया और उसके प्रेमी ने उसे पीटा। मारपीट के बाद माया घर छोड़कर चली गई। 25 अगस्त 2024 को माया नीरज के साथ घर लौटी। जबरन ताला तोड़कर अंदर घुस गई। सोने की चेन और नकदी लेकर फरार हो गई। धर्मेंद्र ने पुलिस से शिकायत की।

'ज्यादा बोलोगे तो काटकर ड्रम में भरवा दूंगी'
29 मार्च 2025 को माया ने धर्मेंद्र और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर प्रेमी नीरज के साथ मिलकर मां और बेटे की पिटाई कर दी। पति को वाइपर से पीटन का वीडियो भी सामने आया है। धर्मेंद्र ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। धर्मेंद्र ने पुलिस को बताया कि माया उसे धमकी दी है कि अगर ज्यादा बोलोगे तो मेरठ हत्याकांड की तरह तुम्हें भी काटकर ड्रम में भरवा दूंगी। 

माया की शिकायत-पति झूठ बोल रहा
माया ने भी पति पर झूठा आरोप लगाने की शिकायत की है। माया ने पुलिस को बताया कि धर्मेंद्र उसे परेशान कर रहा है। चार बार गर्भपात के लिए मजबूर कर चुका है। माया ने अपनी शिकायत में कहा कि कुशवाह ने जुलाई 2024 में उसके साथ मारपीट की जिसके बाद उसने महिला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद कुशवाहा ने तलाक का केस दर्ज करा दिया और उसे घर से निकाल दिया। 

पुलिस कर रही जांच 
कोतवाली थाना पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी से जुड़े कुछ मामले कोर्ट में चल रहे हैं। दोनों ने शिकायत की है। घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज भी जांचें जा रहे हैं।  

Similar News