CM योगी का विपक्ष पर हमला: बोले-बड़े-बड़े माफिया आज घिघिया रहे हैं, बोलते हैं कि जान बख्श दो, ठेला लगाकर पेट भर लेंगे

Lok Sabha Chunav 2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के बढ़ापुर में सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर हमला बोला। योगी ने कहा कि बड़े-बड़े माफिया जिनकी तूती बोलती थी, आज कैसे घिघियाते दिख रहे हैं। आज वो बोलते हैं कि जान बख्श दो।

Updated On 2024-04-13 14:51:00 IST
Chief Minister Yogi Adityanath

Lok Sabha Chunav 2024: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र के बिजनौर के बढ़ापुर में रैली की। योगी ने सभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि भाजपा की सरकार जो कहती है वो करके दिखाती है। आज आप देख रहे होंगे, बड़े-बड़े माफिया जिनकी कभी तूती बोलती थी, आज कैसे घिघियाते दिख रहे हैं। आज वो बोलते हैं कि जान बख्श दो। ठेला लगाकर पेट भर लेंगे। लेकिन, कभी किसी की बेटी को छेड़ेंगे नहीं। किसी की जमीन पर कब्जा नहीं करेंगे। योगी ने कहा कि विकास में सबसे बड़ा बैरियर है राजनीति में अपराधीकरण है। योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है। यूपी में सब चंगा है। 

केवल भाजपा सरकार ही सुरक्षा दे सकती है 
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज माफिया या अपराधी जेल में या तो जहन्नुम में हैं। कहीं किसी व्यापारी या बेटी को जबरन उठाने का दुस्साहस आज कोई कर सकता है क्या? करेगा तो क्या होगा ये मालूम है न। तो भाइयो और बहनों ये सुरक्षा सुरक्षा केवल भाजपा ही दे सकती है। वे लोग नहीं दे सकते जो माफिया और अपराधी का साथ देते थे, उनके सामने नाक रगड़ते थे।

उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है, यहां सब चंगा है
योगी ने कहा कि 1980 में मुरादाबाद दंगा हुआ था। दर्जनों लोग मारे गए थे। उस समय से लेकर 2017 तक रिपोर्ट को लोगों ने दबाकर रखा था। मैं आया, मैंने उसकी जांच कराई। सभी दंगाईयों के चेहरे उजागर हो गए। उत्तर प्रदेश में न कर्फ्यू है, न दंगा है...यूपी में सब चंगा है। इस प्रकार का माहौल बना है कि अब कर्फ्यू का स्थान कांवड़ ने ले लिया है। सुरक्षा की जिम्मेदारी हमने ली है। आज हर व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस करता है। क्योंकि आपकी चिंता करने वाली सरकार लखनऊ और दिल्ली में बैठी है।

सपा का सांसद बोलता था भारत माता की जय नहीं बोलूंगा 
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आप याद करिए। सपा का पिछला सांसद बोलता था कि भारत माता की जय नहीं बोलूंगा। याद करिए 2014 के पहले देश के अंदर क्या स्थिति थी। गरीब भूखों मरता था। आज देश के 80 करोड़ गरीबों को चार साल से फ्री राशन मिल रहा है। सीएम योगी ने कहा कि 60 करोड़ लोगों को 5 लाख बीमा का कवर मिल रहा है। आज 60 करोड़ लोगों को 5 लाख तक फ्री इलाज भाजपा सरकार करा रही है। 10 करोड़ गरीबों को रसोई गैस का फ्री कनेक्शन दिया। हमने चार करोड़ गरीबों के मकान बनवाए। ये काम पहले भी हो सकता था। लेकिन, कांग्रेस, सपा और बसपा के एजेंडे में विकास नहीं था। गरीबों के हक की योजना नहीं थी।  

Similar News