Harmeet Singh: आप विधायक हरमीत सिंह पंजाब पुलिस की गिरफ्त से फरार, कॉन्स्टेबल पर चलाई गोली!

AAP MLA Harmeet Singh: पंजाब के सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को आज सुबह ही गिरफ्तार किया गया था। पंजाब पुलिस उन्हें लेकर कोर्ट में पेश करने जा रही थी। इसी दौरान वो फरार हो गए।

Updated On 2025-09-02 12:58:00 IST

आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा।

AAP MLA Harmeet Singh: पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेताओं में अंदरूनी कलह अब उजागर हो रही है। हाल ही में आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए थे। अब उनके खिलाफ एक्शन हो गया है। आज सुबह पंजाब पुलिस ने हरमीत सिंह को गिरफ्तार किया था। हालांकि वो पुलिस की गिरफ्त से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, एक महिला ने पंजाब पुलिस को शिकायत देते हुए खुद को मनजीत की पत्नी बताया और उन पर धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और बलात्कार के आरोप लगाए। ये मामला जीरकपुर की एक महिला ने दर्ज कराया। महिला ने आरोप लगाया कि विधायक ने खुद को तलाकशुदा बताया और उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद साल 2021 में उन्होंने शादीशुदा होते हुए भी दोबारा शादी कर ली।

बता दें कि हरमीत सिंह पठानमाजरा पंजाब के सनौर से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं। मंगलवार को सुबह पंजाब पुलिस ने उन्हें बलात्कार के पुराने मामले में गिरफ्तार किया। हालांकि गिरफ्तारी के कुछ देर बाद ही हरमीत पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, जब पुलिस विधायक हरमीत सिंह को लेकर थाने जा रहे थे। इसी दौरान उनके समर्थकों ने पुलिस पर फायरिंग की। वे फॉर्चुनर और स्कॉर्पियो लेकर आए थे। पुलिस ने फॉर्चूनर जब्त कर ली है। वहीं विधायक स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, इस घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है।

46 वर्षीय हरमीत सिंह पठानमाजरा आम आदमी पार्टी के सनौर से विधायक हैं। साल 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने अकाली दल के नेता हरिंदर पाल सिंह चंदूमाजरा को लगभग 50 हजार वोटों के अंतर से हराया। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1994 में अकाली दल से की थी। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस, पंजाब एकता पार्टी समेत कई पार्टियों से हाथ मिलाया। इसके बाद साल 2020 में उन्होंने आम आदमी पार्टी जॉइन की। वो जनता के लिए काम करते आए हैं और जनता के मुद्दों को सरकार के सामन उठाते आए हैं।

हाल ही में पंजाब में बाढ़ का संकट आया। इसको लेकर उन्होंने सिंचाई विभाग के प्रधान सचिव कृष्ण कुमार को जिम्मादार ठहराया और पंजाब सरकार पर सवाल उठाए। इसके बाद पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा वापस ले ली। उनके क्षेत्र के पुलिस थानों के एसएचओ भी बदल दिए गए। मंगलवार सुबह हरमीत फेसबुक पर लाइव आए। इस दौरान उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने उनकी पूर्व पत्नी के पुराने मामले में धारा 376 के तहत मामला दर्ज किया है। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की की दिल्ली इकाई पर आरोप लगाया कि वे लोग उनकी आवाज दबा रहे हैं।

इसके बाद ही उन्हें पंजाब पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया गया। सूत्रों की मानें, तो मंगलवार सुबह जब पंजाब पुलिस हरमीत को कोर्ट में पेश करने के लिए ले जा रही थी। इसी दौरान वे पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर फरार हो गए। अब उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।

Tags:    

Similar News