पंजाब की 'शेरनी' का यू-टर्न: आप विधायक अनमोल गगन मान ने वापस लिया इस्तीफा, करती रहेंगी राजनीति

पंजाबी गायिका रही अनमोल गगन मान ने विधायकी और राजनीति छोड़ने का ऐलान किया था। अब 24 घंटे के भीतर इस्तीफा वापस ले लिया है। जानिये वजह...

Updated On 2025-07-20 19:24:00 IST

आप पंजाब के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा और विधायक अनमोल गगन मान।

पंजाब की खरड़ विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने 24 घंटे के भीतर अपना इस्तीफा वापस ले लिया है। यही नहीं, उन्होंने राजनीति को भी हमेशा के लिए अलविदा बोल दिया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अमन अरोड़ा उनसे मिलने पहुंचे। दोनों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद अनमोल गगन अपना इस्तीफा वापस लेने को तैयार हो गईं।

प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा ने दी जानकारी

आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अमन अरोड़ा ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा कि अनमोल गगन मान के साथ बैठक हुई है। पार्टी ने उनके इस्तीफे को अस्वीकार किया। पार्टी के इस निर्णय को अनमोल गगन मान ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि वे पार्टी और क्षेत्र की जनता के लिए मिलकर काम करती रहेंगी।

इस्तीफा देते ही लगने लगी थी ये अटकलें

बता दें कि अनमोल गगन ने 2022 के विधानसभा चुनाव में खरड़ से अकाली दल के नेता रणजीत सिंह गिल के खिलाफ चुनाव लड़ा था। एक दिन पहले ही रणजीत सिंह गिल ने भी अकाली दल से इस्तीफा दे दिया था। चर्चाएं चल रही थी कि वे आम आदमी पार्टी जॉइन कर सकते हैं। कयास लगाए जा रहे थे कि इस आशंका के चलते अनमोल गगन मान ने केवल विधायकी बल्कि राजनीति से भी संन्यास लेने की घोषणा कर दी थी।

ये भी पढ़ें: अनमोल गगन मान ने इस्तीफे में क्या लिखा, पढ़िये पूरा बयान

विरोधियों ने केजरीवाल पर साधा था निशाना

बता दें कि अनमोल गगन मान के इस्तीफा देते ही अरविंद केजरीवाल उनके विरोधियों के निशाने पर आ गए थे। कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने आरोप लगाया था कि अनमोल गगन मान पहली ऐसी नेता नहीं है, जिसे इस्तेमाल करके फेंक दिया गया है। प्रशांत भूषण से लेकर गुरप्रीत गुग्गी तक कई नेताओं के नाम इस सूची में शामिल हैं। उन्होंने चेताया था कि अब भगवंत मान की सरकार के लिए गिने चुने दिन ही बचे हैं।

Similar News