AAP MLA Corruption: पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा हुए अरेस्ट? उनके वकीलों ने कहा- यह खबर गलत!
Punjab News: पंजाब में AAP विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है। विजिलेंस ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार सुबह विधायक के घर पर छापेमारी की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि उनके वकीलों ने गिरफ्तारी की बात से इनकार किया है।
पंजाब में भ्रष्टाचार के आरोप में AAP विधायक गिरफ्तार
Vigilance Bureau Raid: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक रमन अरोड़ा को विजिलेंस ब्यूरो ने गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार सुबह विजिलेंस ब्यूरो की टीम पंजाब के जालंधर सेंट्रल से विधायक अरोड़ा के अशोक नगर स्थित घर पर छापेमारी करने के लिए पहुंची। इस दौरान वह अपने घर से बाहर जा रहे थे, लेकिन विजिलेंस टीम उन्हें रास्ते में से ही हिरासत में लेकर उनके घर पर पहुंची। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विधायक के घर के अंदर जांच की गई, जिसमें पुख्ता सबूत मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि विधायक के वकीलों ने रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी होने से इनकार किया है।
बता दें कि उनके ऊपर भ्रष्टाचार करने का आरोप लगा है। विधायक अरोड़ा के घर पर विजिलेंस ब्यूरो की रेड अभी भी जारी है। साथ ही वहां पर पुलिस बल भी मौजूद है।
विधायक पर भ्रष्टाचार का आरोप
जानकारी के मुताबिक, विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने जालंधर नगर निगम के जरिए लोगों को फर्जी नोटिस जारी करवाए। इसके बाद उन लोगों से रुपए लेकर नोटिस खत्म करवा दिया। इस मामले में उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की जा चुकी है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही विधायक अरोड़ा की सिक्योरिटी वापस ले ली गई थी। इससे पहले उनकी सुरक्षा में 14 जवान तैनात रहते थे। इसके बाद से ही माना जा रहा था कि उनके खिलाफ बड़ी कार्रवाई होने वाली है। फिलहाल विधायक अरोड़ा से पूछताछ की जा रही है।
विधायक के घर से मिले प्रिंटर और मशीन
विधायक रमन अरोड़ा के घर पर छापेमारी के दौरान विजिलेंस ब्यूरो ने कुछ सामान बरामद किए हैं। इसमें प्रिंटर और कैश काउंटिंग मशीन शामिल हैं, जिसे जब्त कर लिया गया है। अभी पूछताछ की जा रही है। वहीं, विधायक के वकीलों ने रमन अरोड़ा की गिरफ्तारी से इनकार कर दिया है।
माना जा रहा है कि विधायक रमन अरोड़ा के साथ कई अधिकारी भी मिले हुए हैं। ऐसे में इस मामले से जुड़े अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।