Building Collapse: नवी मुंबई में 3 मंजिला बिल्डिंग ढही, मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Building Collapse: नवी मुंबई में शनिवार तड़के तीन मंजिला बिल्डिंग ढह गई। इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। मुंबई में पिछले 3-4 दिन से भारी बारिश चल रही है। 

Updated On 2024-07-27 09:30:00 IST
Building Collapse Mumbai

Building Collapse: मुंबई में भारी बारिश का दौर जारी है। इसके चलते कई जगहों पर हादसों की खबरें सामने आई हैं। शनिवार तड़के करीब 5 बजे नवी मुंबई में तीन मंजिला बिल्डिंग ढह गई। इसके मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। दो लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। 

जानकारी के मुताबिक, हादसा शाहबाज़ गांव इलाके में हुआ। जमींदोज हुई इमारत का नाम 'इंदिरा निवास' है। इस बिल्डिंग में 13 फ्लैट हैं, बताया जा रहा है कि इमारत में 26 परिवार रहते थे, वक्त के साथ इमारत काफी कमजोर हो गई थी।

नवी मुंबई नगर निगम आयुक्त ने क्या बताया?

  • नवी मुंबई नगर निगम कमिश्नर कैलास शिंदे ने बताया कि इमारत सुबह करीब 5 बजे ढही। बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर के अलावा तीन मंजिल बनी हुई थीं। यह इलाका शाहबाज गांव बेलापुर वार्ड के अंतर्गत आता है।
  • उधर, चश्मदीदों ने बताया- हमें सुबह उठते ही किसी भारी चीज के गिरने की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो इंदिरा निवास जमींदोज हो चुकी थी। रात को यह बिल्डिंग सलामत थी, लेकिन सुबह मलबे में तब्दील हो गई। फिर हमने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।

भारी बारिश से महाराष्ट्र में जनजीवन बेहाल 
20 जुलाई को भी मुंबई के ग्रैंड रोड इलाके में एक इमारत की बालकनी का कुछ हिस्सा गिरा था, जिससे एक शख्स की मौत हो गई थी और 13 अन्य घायल हुए थे। महाराष्ट्र में हो रही भारी बारिश से मुंबई में लोग बेहाल हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट सर्विस बाधित होने से यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने रविवार (28 जुलाई) को मध्य महाराष्ट्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के कई शहरों में लगातार भारी बारिश से जलजमाव और ट्रैफिक जाम के हालात हैं।

Similar News