सिरसा में तांत्रिक का जाल: महिला के ब्वॉयफ्रेंड भूतनाथ ने नाबालिग बेटी को भी प्यार में फंसाया, रेप किया
हरियाणा के सिरसा में एक महिला के ब्वॉयफ्रेंड तांत्रिक भूतनाथ ने उसकी बेटी को ही अपने जाल में फंसा लिया। वह उसे राजस्थान भगा ले गया और 15 दिन तक दुराचार किया।
सिरसा में तांत्रिक का जाल : हरियाणा के सिरसा में महिला के ब्वॉयफ्रेंड तांत्रिक भूतनाथ ने उसकी ही नाबालिग बेटी को अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। वह उसे राजस्थान ले गया और वहां डरा धमकाकर 15 दिन तक दुराचार किया। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद लोकेशन के आधार पर किशोरी को बरामद किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी एक बार पहले भी ऐसा अपराध कर चुका है। तब ग्रामीणों ने उसकी पिटाई कर गांव से निकाल दिया था।
ब्वॉयफ्रेंड पर नाबालिग को बहकाने का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, सिरसा जिले के एक गांव में रहने वाली 44 वर्षीय महिला का परिचय राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी 31 वर्षीय सुभाष उर्फ भूतनाथ से था। सुभाष झाड़-फूंक का काम करता था और खुद को तांत्रिक बताता था। वह महिला के मायके वाले गांव में कमरा लेकर रहने लगा और लगातार महिला के परिवार से मेलजोल बढ़ाने लगा। इसी दौरान उसने महिला की 17 वर्षीय बेटी को अपने झांसे में फंसा लिया।
लड़की को राजस्थान भगा ले गया
महिला की शादी राजस्थान में हुई थी। वह करीब छह माह से अपनी बेटी के साथ मायके में सिरसा रह रही थी। इसी दौरान लड़की अचानक गायब हो गई। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने सिरसा जिले के रानियां थाने में शिकायत दी। आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और पीड़िता की मां व नानी को बार-बार थाने के चक्कर लगाने पड़े। आखिरकार 2 अगस्त को पुलिस ने लड़की की गुमशुदगी दर्ज की। तकनीकी जांच में लड़की की लोकेशन राजस्थान में पाई गई।
राजस्थान से बरामद हुई पीड़िता, आरोपी फरार
पुलिस टीम ने 17 अगस्त को दबिश दी और लड़की को राजस्थान से बरामद कर लिया। हालांकि उस समय आरोपी मौके से फरार हो गया था। बाद में मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पीड़िता के पिता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया।
डेरे में बाबा बनकर रच रहा था खेल
जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर शम्मी ने बताया कि आरोपी गांव में बने एक डेरे में खुद को बाबा बताकर रहता था। वहां वह झाड़-फूंक करने का काम करता था। पीड़िता भी कई बार वहां जाती थी। इसी दौरान उसकी आरोपी से बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी के महिला यानी पीड़िता की मां से भी संबंध रहे हैं।
पहले ग्रामीणों ने पिटाई कर भगाया था
थाना रानियां प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि आरोपी सुभाष पहले भी महिलाओं के साथ गलत हरकत कर चुका है। वह सिरसा जिले के ही एक अन्य गांव में झाड़-फूंक का काम करता था। वहां एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा गया था। तब ग्रामीणों ने उसकी पिटाई की और गांव से निकाल दिया था। इसके बाद वह पीड़िता की मां से जुड़ गया और उसके गांव में आकर बस गया।
जेल भेजा गया आरोपी
हाल ही में पुलिस ने आरोपी सुभाष को गिरफ्तार कर लिया और बुधवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि केस की गहन जांच जारी है और आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों की भी छानबीन की जा रही है।