Cyber Fraud: कुरुक्षेत्र में सरकारी कर्मचारी को खराब बर्गर की शिकायत पड़ी महंगी, गंवा दिए 2 लाख रुपए

Kurukshetra Burger Scam: कुरुक्षेत्र में खराब बर्गर की शिकायत करने के दौरान एक रिटायर्ड सरकारी कर्मी से साइबर ठगों ने 2 लाख रुपए लूट लिए। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Updated On 2025-10-08 17:48:00 IST

कुरुक्षेत्र में रिटायर्ड सरकारी कर्मी से लूटे 2 लाख। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Kurukshetra Burger Scam: कुरुक्षेत्र में खराब बर्गर की शिकायत करना सरकारी कर्मचारी को भारी पड़ गया। पीड़ित ने खराब बर्गर की शिकायत के लिए कॉल किया तो साइबर ठगों ने उनसे 3 अलग-अलग अकाउंट से 2 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इस मामले को लेकर पीड़ित के बेटे ने साइबर हेल्पनाइन पर शिकायत दर्ज करवाई है।

जानकारी के मुताबिक,पीड़ित कर्मचारी की पहचान सेक्टर-7 के रहने वाले मोहन नागपाल के तौर पर हुई है। पुलिस पूछताछ में मोहन नागपाल ने बताया कि वह हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HUDA) से रिटायर्ड हैं। मोहन नागपाल ने बताया कि 19 सितंबर को उन्होंने स्विगी ऐप से एक बर्गर ऑर्डर किया था। समान घर आने के बाद उन्होंने फोन-पे से पेमेंट कर दिया, लेकिन जब उन्होंने बर्गर खाया तो टेस्ट काफी खराब था।

आरोपी ने पैसे देने का दिलाया भरोसा

मोहन नागपाल ने बताया कि उन्होंने शिकायत के लिए स्विगी की साइट पर टोल-फ्री नंबर तलाशा, लेकिन उन्हें नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने गूगल पर स्विगी का नंबर ढूंढकर फोन किया। कॉलर ने खुद को स्विगी का वर्कर बताया और पीड़ित से बातचीत करने लगा। पीड़ित ने आगे बताया कि कॉलर ने उससे कहा कि जब बर्गर आया था, तभी क्यों नहीं बताया? उन्होंने कहा कि खाने के बाद ही पता चला बर्गर खराब था। कॉलर ने उनके पैसे वापस देने का भरोसा दिलाया।

पीड़ित को कैसे फंसाया जाल में?

पीड़ित का कहना है कि आरोपी ने उनसे फोन पर कहा कि वह उनसे कुछ नंबर दबवाएगा। इसके बाद पीड़ित ने आरोपी के कहने पर नंबर दबा दिए, जिसके बाद उनके फोन की स्क्रीन खुद-ब-खुद चलने लगी। कॉलर ने उनसे फोन-पे पर बैलेंस चेक करने को बोला, तो उन्होंने पिन डाल दिया।

पिन डालते ही उनके तीन बैंक अकाउंट से पहले 95 हजार, फिर 95 हजार व 5 हजार और 19 हजार रुपए निकल गए। पीड़ित ने बताया कि उसके तीनों अकाउंट का एक ही पिन नंबर है। इसके पीड़ित ने अपने परिवारवालों को पूरे मामले के बारे में बताया। पीड़ित के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News