कुरुक्षेत्र में हंगामा: ISI एजेंट बता महिला SP को दीं गालियां, पुलिस आई तो सुसाइड की कोशिश की
छत पर विदेशी झंडा और खुद को ISI एजेंट बता पूर्व SHO के बेटे ने महिला SP को दीं गालियां। पुलिस पकड़ने गई तो खुद को लहूलुहान किया। जानें क्या था पूरा मामला
कुरुक्षेत्र में देशद्रोह के आरोपी के घर पर लगा विदेशी झंडा।
कुरुक्षेत्र में हंगामा : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में एक अजीबो-गरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां अकेले रहने वाले रिटायर्ड पुलिस SHO के बेटे ने डायल 112 पर कॉल कर खुद को ISI एजेंट बताते हुए महिला पुलिस अधिकारी को गालियां दी व देश विरोधी बातें बोली। पुलिस उसे पकड़ने गई तो उसने कमरे में बंद कर खुद को लहूलुहान कर लिया। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती करवाया। उस पर देशद्रोह का केस दर्ज किया गया है।
फोन कर महिला एसपी को दी गालियां
पुलिस के अनुसार, विकास नगर निवासी पवित्र सिंह ने गुरुवार रात करीब 8 बजे डायल-112 पर कॉल कर दावा किया कि वह ISI का एजेंट है। शुरुआत में कॉल को मजाक समझकर नजरअंदाज किया गया, लेकिन जब उसने दोबारा कॉल कर एक महिला एसपी को अपशब्द कहे और देश विरोधी बातें कीं, तो मामला गंभीर हो गया। सूचना मिलने पर थर्ड गेट चौकी पुलिस उसकी तलाश में उसके घर पहुंची। लेकिन युवक ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। पुलिस को आस-पड़ोस से जानकारी मिली कि वह घर में अकेला रहता है और उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं है।
पांच घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया बाहर
पुलिस ने रातभर युवक पर नजर रखी। सुबह करीब 10 बजे जब घर के अंदर से चीखने की आवाजें आने लगीं तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ने का फैसला लिया। खिड़की से झांकने पर पता चला कि युवक ने अपने शरीर पर कई जगहों पर चाकू और तलवार से खुद को घायल कर लिया था। उसे तुरंत LNJP अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वकील भाई ने आने से इनकार किया
पुलिस ने जब युवक के परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला कि उसका एक भाई वकील है। उसे फोन कर घटना की जानकारी दी गई, लेकिन उसने साफ कहा कि उसका पवित्र से कोई संबंध नहीं है और वह मदद के लिए नहीं आएगा। उसने बताया कि पवित्र की हरकतों के कारण परिवार पहले ही उसे बेदखल कर चुका है।
पिता ने तंग आकर की थी सुसाइड
पड़ोसियों ने भी युवक के व्यवहार को साइको बताया है। उनका कहना है कि वह अक्सर गाड़ी तेज गति से चलाता है, लोगों से उलझता है और छत पर विदेशी झंडा भी लगा रखा है। कॉलोनी में कोई भी उससे बातचीत करने से कतराता है। बताया गया है कि उसके पिता भी इसी तनाव के कारण आत्महत्या कर चुके हैं।
देशद्रोह का मामला दर्ज, तलवार-चाकू बरामद
थर्ड गेट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152 (देशद्रोह) सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मौके से दो तलवारें, एक चाकू और एक नकली पिस्टल बरामद हुई है। इसके अलावा उसके घर की दीवारों पर खून से लिखे गए संदेश भी मिले हैं, जिन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
पहले भी रहा है विवादों में
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पहला मौका नहीं है जब पवित्र सिंह विवादों में आया हो। पहले भी वह एक पड़ोसी से झगड़ा कर चुका है और पुलिस से भी बदसलूकी कर चुका है, जिस पर उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया था। फिलहाल पुलिस युवक की मानसिक स्थिति का आकलन कर रही है और उसके इलाज के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।