कुरुक्षेत्र में दहशत: आईलेट्स सेंटर पर नकाबपोश बदमाशों की फायरिंग, चार गोलियां चलाकर भागे

कुरुक्षेत्र में आईलेट्स सेंटर बदमाशों के निशाने पर हैं। नए बस अड्डे के पास आईलेट्स सेंटर पर नकाबपोश बदमाशों ने 4 राउंड फायर किए। इससे पांच महीने पहले एक और आईलेट्स सेंटर पर फायरिंग हुई थी।

Updated On 2025-09-12 18:04:00 IST

कुरुक्षेत्र आईलेट्स सेंटर के बाहर फायरिंग की जांच करने पहुंची पुलिस। 

कुरुक्षेत्र में दहशत : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के नए बस अड्डे के पास स्थित एक आईलेट्स सेंटर पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलीबारी से सेंटर के शीशे चकनाचूर हो गए और इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। आरोपी बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। इससे पहले 10 अप्रैल को भी कुरुक्षेत्र के एक अन्य आईलेट्स सेंटर पर गोलियां चलाई गई थीं। इसमें एक व्यक्ति घायल हुआ था।

दोपहर 2 बजे चलीं गोलियां

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे एक बाइक पर दो युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर आईलेट्स सेंटर के बाहर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने सेंटर को निशाना बनाते हुए लगभग 4 राउंड फायर किए। गोली लगने से सेंटर का शीशा टूट गया और आसपास अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी तेजी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

अभी रंगदारी मांगने की पुष्टि नहीं

घटना की सूचना मिलते ही कुरुक्षेत्र पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए अंबाला से STF की टीम भी कुरुक्षेत्र पहुंची और फायरिंग स्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में ले ली है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। DSP सुनील कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि वारदात को दो युवकों ने मिलकर अंजाम दिया। दोनों बदमाश एक बाइक पर सवार थे और उन्होंने अपने चेहरे ढके हुए थे। पुलिस ने बताया कि फायरिंग के पीछे की वजह अब तक सामने नहीं आ सकी है। किसी तरह की रंगदारी या धमकी की बात भी फिलहाल पुष्टि नहीं हुई है।

विधायक भी मौके पर पहुंचे

फायरिंग की खबर मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी। कंट्रोल रूम से आसपास के जिलों में भी चेकिंग अलर्ट जारी कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। वहीं, सीआईए और थाना पुलिस की टीम जांच में जुटी हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस के थानेसर से विधायक अशोक अरोड़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और बदमाशों पर सख्त कार्रवाई करने की अपील की।

10 अप्रैल को भी चली थीं गोलियां

शाहाबाद की खानचंद मंडी निवासी पंकुश कक्कड़ के लाडवा रोड स्थित आईलेट्स सेंटर पर भी 10 अप्रैल को गोलियां चली थीं। बाइक पर आए 2 बदमाशों ने रिसेप्शन पर खड़े एक कर्मचारी के पिता पर फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद मालिक के व्हाट्सएप नंबर पर विदेशी नंबर से कॉल करके 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। आरोपी गैंगस्टर नोनी राणा पर लगे थे। राणा ने मालिक के घर को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दी थी। पुलिस ने इस मामले में कुछ आरोपियों को एनकाउंटर में पकड़ा था, लेकिन मुख्य आरोपी पकड़ से दूर है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें और हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए [haribhoomi.com] के साथ।
Tags:    

Similar News