Gurnam Singh Charuni: कुरुक्षेत्र में BKU अध्यक्ष ने DFSC अधिकारी को जड़ा थप्पड़, पुलिस ने 20 से ज्यादा किसानों को पकड़ा

Gurnam Singh Charuni: कुरुक्षेत्र में धान को लेकर प्रदर्शन के दौरान गुरनाम सिंह चढूनी ने DFSC अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने इस मामले में 20 से ज्यादा किसानों को हिरासत में लिया है।

Updated On 2025-10-15 14:23:00 IST

कुरुक्षेत्र में किसानों का बवाल।

Gurnam Singh Charuni: कुरुक्षेत्र में बुधवार, 15 अक्टूबर को भारतीय किसान यूनियन (BKU) अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) राजेश कुमार के बीच लघु सचिवालय परिसर में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि चढूनी ने DFSC को थप्पड़ मार दिया। जिसके बाद मौके पर मौजूद भीड़ के बीच अफरातफरी मच गई। पुलिस ने इस मामले में मौके पर चढूनी समेत 20 से ज्यादा किसानों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हिरासत में लिए सभी किसानों को थाने भेजा है।

जानकारी के मुताबिक, कुरुक्षेत्र के लघु सचिवालय में आज DFSC राजेश कुमार किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी से मिलने आए थे। उस समय चढूनी अपनी ट्रॉली में पड़ी जीरी (धान) पर बैठे हुए थे। बातचीत करने के दौरान चढूनी नीचे उतरे और DFSC को थप्पड़ मार दिया। मामले के बारे में पता लगते ही पुलिस और विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 किसानों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।

चढूनी ने अधिकारी पर लगाया आरोप
बताया जा रहा है कि गुरनाम सिंह चढूनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान (जीरी) लेकर लघु सचिवालय आए थे। उन्होंने प्रशासन पर धान की खरीद नहीं करने का आरोप लगाया है, इसे लेकर उन्होंने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद दूसरे किसानों को भी चढूनी ने मौके पर बुला लिया।

गिरफ्तार होने से पहले चढूनी ने आरोप लगाया था कि DFSC भ्रष्ट अधिकारी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि DFSC ने उनकी आढ़त की दुकान और उनकी खुद की धान के उठान के लिए RO जारी नहीं किया। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन पर भी धान खरीद के दौरान भेदभाव का आरोप लगाया था।

प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने किया समर्थन

गुरनाम सिंह चढूनी का समर्थन करते हुए पिहोवा इकाई के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने कहा कि अधिकारी किसानों की सुनवाई नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि धान में नमी के नाम पर किसानों को लूटा जा रहा है। प्रिंस वड़ैच ने कहा कि कई जगहों पर अब भी उठान पर रोक लगाई हुई है। शिकायत देने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News