Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर से शुरू होगी कड़ाके की ठंड, हरियाणा में कल से छाया रहेगा घना कोहरा
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार सुबह से ही कोहरा छाया हुआ है। हालांकि, दिन में धूप खिलेगी और शाम होते-होते फिर से कोहरा गिरना शुरू हो जाएगा। आइए जानते हैं 26 नवंबर का मौसम कैसा रहने वाला है।
Delhi NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में दिसंबर के पहले हफ्ते से ठंड बढ़ सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान तेजी से गिरेगा और सुबह-शाम कड़ाके की ठंड पड़नी शुरू हो जाएंगी। वहीं हरियाणा के 15 से ज्यादा जिलों में तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। जिसके चलते मौसम विभाग ने 27 नवंबर से लेकर 29 नवंबर तक घने कोहरे (Dense Fog Yellow Alert) का येलो अलर्ट जारी किया है।
भारतीय मौसम विभाग की मानें, तो जल्द ही दिल्ली-एनसीआर के तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी। ऐसा इसलिए है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से जम्मू-कश्मीर में हल्के और मध्यम स्तर बर्फबारी देखने को मिली है। वहीं हिमाचल में भी बर्फबारी हुई है। हालांकि, बाकी राज्यों में पश्चिमी विक्षोभ का ज्यादा असर नहीं देखने को मिला है। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से जल्द ही तापमान में गिरावट और मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा। इस हफ्ते दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा समेत देश के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहेगा।
दिल्ली-नोएडा और गाजियाबाद में आज कितना रहेगा तापमान
मौसम विभाग की मानें, तो आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। वहीं नोएडा में मंगलवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इसके अलावा गाजियाबाद में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
दिल्ली में आज कितना है एक्यूआई
मौसम के साथ दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक की बात करें तो मंगलवार को राजधानी का औसत एक्यूआई 396 दर्ज किया गया है। ये ताजा आंकड़ा केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सुबह 6 बजे जारी किया है। वहीं सोमवार को दिल्ली का ओवराल AQI 278 रिकॉर्ड किया गया था। कल के मुकाबले आज का एक्यूआई ज्यादा है।
हरियाणा में आज कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में मंगलवार सुबह से ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि आज मौसम साफ रहेगा। हालांकि, ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। 10 बजे के बाद धूप निकलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा 27 से लेकर 29 नवंबर तक प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। हरियाणा में आज का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। इसके अलावा बुधवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 09 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
27 नवंबर से 29 नवंबर तक इन जिलों में छाया रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग ने बुधवार को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत,पानीपत, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखीदादरी में घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। वहीं गुरुवार को अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखीदादरी में कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा शुक्रवार को अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखीदादरी में घना कोहरा छाया रहेगा।