Delhi Elections 2025: केजरीवाल के घर के बाहर महिलाओं का प्रदर्शन, बोलीं- 'आप ने किए झूठे वादे', पुलिस ने किया डिटेन

Delhi Elections 2025: पंजाब की महिलाओं ने अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि केजरीवाल ने पंजाब में चुनाव से पहले 1000 रुपए देने का वादा किया था, जिसे पूरा नहीं किया।

Updated On 2025-01-04 12:37:00 IST
पंजाब की महिलाओं ने केजरीवाल के घर के बाहर किया प्रदर्शन।

Delhi Elections 2025: एक तरफ दिल्ली में सर्दी का प्रकोप जारी है, तो वहीं दूसरी तरफ सियासत की गर्मी चरम पर है। कुछ ही दिनों में दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान होने वाला है और ऐसे में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। आज सुबह पंजाब की महिलाएं अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन करने पहुंची हैं। महिलाओं का कहना है कि केजरीवाल सरकार ने पंजाब में 1000 रुपए प्रति माह देने का वादा किया था, जो अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इसके कारण उन्होंने अरविंद केजरीवाल के आवास के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रही महिलाओं को दिल्ली पुलिस ने डिटेन कर लिया है। 

कांग्रेस नेता ने अरविंद केजरीवाल पर लगाए आरोप

इस मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा ने अरविंद केजरीवाल पर हमलावर होते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी सिर्फ झूठे वादे करती है। हम उनके झूठे वादों को उजागर कर रहे हैं। पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बने लगभग तीन साल हो चुके हैं लेकिन केजरीवाल ने अब तक वादे पूरे नहीं किए हैं। चुनाव से पहले उन्होंने लोगों से कई वादे किए थे और लोग उनके वादों के कारण झांसे में आ गए। उन्होंने अब तक कोई वादा पूरा नहीं किया। 

आम आदमी पार्टी ने पंजाब की महिलाओं से भी एक वादा था कि पंजाब में सरकार बनने के बाद वे पंजाब की महिलाओं को 1000 रुपए प्रति महीना देंगे। हालांकि वो वादा अभी तक सरकार पूरा नहीं कर पाई है। दिल्ली में एक बार फिर अरविंद केजरीवाल महिलाओं से वादा कर रहे हैं कि वे दिल्ली की महिलाओं को 2100 रुपए प्रति महीना देंगे। सरकार ने ये स्पष्ट नहीं किया है कि महिलाओं को ये पैसे देने के लिए वो धन कहां से लाएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाओं के साथ धोखाधड़ी हुई है और उसे दिल्ली में भी दोहराया जा रहा है। आम आदमी पार्टी के पास इसके लिए कोई रोडमैप नहीं है। अमरिंदर ने कहा कि दिल्ली के लोग केजरीवाल के झांसे में न आएं। 

'आप' नेताओं के बहकावे में मत आना- प्रताप सिंह बाजवा

वहीं इस मामले पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को धोखा दिया है और अब वे दिल्ली में मौका मांग रहे हैं। कांग्रेस ने दिल्ली में विकास के काम किए हैं, जिसके कारण आज भी दिल्लीवासी शीला दीक्षित को याद करते हैं। अगर आप दिल्ली में अच्छी सरकार चाहते हैं, तो आम आदमी पार्टी के नेताओं के बहकावे में मत आना। 

ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने ढ़ूंढा सीएम आतिशी का तोड़, कालकाजी विधानसभा से इस दिग्गज को दिया टिकट, टक्कर का होगा मुकाबला!

Similar News