Protest on Air Pollution: दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रोटेस्ट, पुलिसकर्मियों पर पेपर स्प्रे से हमला

Protest on Delhi Air Pollution: दिल्ली की खराब गुणवत्ता के खिलाफ इंडिया गेट पर लोगों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस पर पेपर स्प्रे से हमला किया गया। हमले को लेकर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

Updated On 2025-11-24 12:13:00 IST

दिल्ली में इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन। 

Protest on Delhi Air Pollution: राजधानी में प्रतिदिन बढ़ रहे वायु प्रदूषण के खिलाफ इंडिया गेट पर लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। उस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर पेपर स्प्रे से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हमले में करीब 4 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।

सभी को राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में 15 से ज्यादा लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। प्रदर्शनकारी इंडिया गेट के पास इकट्ठा होकर दिल्ली की 'बेहद खराब' वायु गुणवत्ता के खिलाफ ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। 

नक्सली कमांडर हिडमा के लहराए पोस्टर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रोटेस्ट के दौरान लोगों ने नक्सली कमांडर हिडमा के पोस्टर भी लहराए और उनका समर्थन करते हुए नारे भी लगाए हैं। ऐसे में इस प्रदर्शन ने विवाद का रूप ले लिया है। बताया जा रहा है कि BJP नेताओं ने इस प्रदर्शन के खिलाफ आपत्ति जताई है।

प्रदर्शनकारियों को हटने के लिए कहा

पेपर स्प्रे के हमले को लेकर सीनियर अधिकारी ने कहा कि, 'कुछ प्रदर्शनकारी सी-हेक्सागन में घुस आए और उन्होंने अवरोधक क्रॉस करने की कोशिश की। हमने उन्हें समझाते हुए कहा कि पीछे कई एम्बुलेंस और डॉक्टर फंसे हैं, उन्हें रास्ता देना जरूरी है। लेकिन वे प्रदर्शनकारी गुस्सा हो गए। ऐसे में पुलिसकर्मियों को स्थिति देखकर ऐसा लगा कि यहां झगड़ा हो सकती है और उन्होंने प्रदर्शनकारियों को पीछे हटने को कहा।'

दिल्ली पुलिस के उपायुक्त देवेश कुमार महला के मुताबिक, पुलिस ने जब प्रदर्शनकारियों को रोकने लगी तो उन्होंने टीम पर पेपर स्प्रे से हमला कर दिया। घायलों का इलाज चल रहा है। देवेश कुमार का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है जब पुलिस अधिकारियों पर प्रदर्शनकारियों ने ‘पेपर स्प्रे’से हमला किया है। उन्होंने कहा कि ‘पेपर स्प्रे’ एक गैर-घातक रसायन है, जिसका इस्तेमाल खुद की रक्षा और भीड़ को रोकने के लिए जाता है। पेपर स्प्रे के छिड़काव से आंखों और श्वसन प्रणाली में जलन होती है।

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News