DJB News: दिल्ली जल बोर्ड ने जनकपुरी सड़क हादसे पर किया अपना 'बचाव', लोग भड़के
दिल्ली के जनकपुरी में 25 वर्षीय कमल ध्यानी की मौत के लिए दिल्ली जल बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। ऐसे में दिल्ली जल बोर्ड ने बयान जारी किया है, जिसके बाद लोग और ज्यादा भड़क गए हैं।
सोशल मीडिया यूजर्स कमल ध्यानी की मौत के लिए दिल्ली जल बोर्ड को ठहरा रहे जिम्मेदार।
दिल्ली के जनकपुरी में 25 वर्षीय कमल ध्यानी की दर्दनाक मौत ने नोएडा के युवराज की मौत के मामले को ताजा कर दिया है। सोशल मीडिया पर यह घटना आग की तरह फैल रही है। सभी इस हादसे के लिए दिल्ली जल बोर्ड को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कारण यह है कि कमल ध्यानी अपनी बाइक समेत इस गड्ढे में मृत पाए गए हैं। लोग इसे हादसा बता रहे हैं, लेकिन मृतक के दोस्त ने हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। ऐसे में यह मामला पेचिदा हो चला है। बहरहाल, दिल्ली जल बोर्ड ने इस घटना को लेकर बयान जारी किया है।
दिल्ली जल बोर्ड ने एक्स पर लिखा कि दिल्ली जल बोर्ड जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड की पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना के दौरान दुखद दुर्घटना होने पर गहरा शोक व्यक्त करता है और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करता है। घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की गई है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगे बताया कि सभी कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का नियमित निरीक्षण जारी है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी असुरक्षित कार्यस्थल की सूचना टोल-फ्री नंबर 1916 पर दें।
यूजर्स का फूटा गुस्सा
दिल्ली जल बोर्ड के इस ट्वीट को लेकर भी लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। प्रिया मिश्रा नामक एक्स यूजर ने लिखा, 'जांच कमेटी का काम ही होता है कि कैसे नियम कानून को मोड़ा जाए, जिससे अधिकारी और कर्मचारी को बचाया जा सके।' हर्ष ने लिखा, 'क्या दिल्ली जल बोर्ड सचमुच अपना काम आम नागरिकों को सौंप रहा है? अगर बुनियादी नागरिक विफलताओं की निगरानी, रिपोर्टिंग और कार्रवाई का जिम्मा ही लोगों को उठाना है, तो फिर दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारी वेतन क्यों ले रहे हैं? यह "जनभागीदारी" नहीं, बल्कि संस्थागत सुस्ती, घोर अक्षमता और जिम्मेदारी से बेशर्मी से पल्ला झाड़ना है।'
उन्होंने आगे लिखा, 'जवाबदेही का कोई नामोनिशान नहीं। जिम्मेदारी का कोई नामोनिशान नहीं। करदाता बिना वेतन के काम कर रहे हैं जबकि अधिकारी सो रहे हैं। बेहद शर्मनाक। अपना काम ठीक से करो।' इसी प्रकार अन्य यूजर्स भी दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों और कर्मचारियों पर भड़ास निकाल रहे हैं।