शस्त्र ऑपरेशन: दिल्ली पुलिस ने डर फैलाने वाले 83 आरोपियों को किया अरेस्ट, 16 नाबालिग शामिल
सोशल मीडिया पर हथियारों की नुमाइश करना फैशन हो गया है। दिल्ली पुलिस ने ऐसे लोगों पर नकेल कसने के लिए शस्त्र ऑपरेशन लॉन्च किया, जिसके तहत 89 आरोपियों को अरेस्ट किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने शस्त्र ऑपरेशन के तहत 89 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
हरियाणा पुलिस के बाद अब दिल्ली पुलिस ने भी सोशल मीडिया पर दबंगाई दिखाने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों की तस्वीरें साझा कर डर फैलाने वाले 83 आरोपियों को अरेस्ट किया है। चौंकानी वाली बात यह है कि इन आरोपियों में 16 आरोपी नाबालिग हैं। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
मीडिया से बातचीत में दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस कांस्टेबल एसके जैन ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने ऑपरेशन शस्त्र चलाया है। यह ऑपरेशन उन लोगों को निशाना बनाने के लिए शुरू किया था, जो ऑनलाइन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ अपनी तस्वीरें साझा कर रहे थे। साथ ही धमकाने वाले शब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे। उनका मकसद सोशल मीडिया के जरिए डर का माहौल बनाना था।
उन्होंने बताया कि शस्त्र अभियान ऐसे ही लोगों के खिलाफ चलाया गया था। इस अभियान में 500 से अधिक टीमें और 2000 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। हमने 6000 से अधिक सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच की, जिसके आधार पर 83 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में 61 एफआईआर दर्ज की गईं। इनमें 67 वयस्क और 16 नाबालिग शामिल थे। उनके पास से 82 हथियार और 93 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
हरियाणा पुलिस भी चला रही विशेष अभियान
उधर, हरियाणा पुलिस भी लगातार विशेष अभियान चला रही है। पिछले दिनों हरियाणा पुलिस ने यूट्यूब पर हथियारों की नुमाइश करने वाले गानों पर प्रतिबंध लगा दिया था। राज्य में गन कल्चर और हिंसा को बढ़ावा देने वाले 67 से अधिक हरियाणवी और पंजाबी गानों को यूट्यूब से हटवाया था। यह अभियान इसी साल 2026 से शुरू किया गया था। इसका उद्देश्य युवाओं को अपराध और माफिया से दूर रखना है। खास बात है कि हरियाणा की खाप पंचायतों ने भी हरियाणा पुलिस के इस फैसले को समर्थन देते हुए कहा था कि गन कल्चर या हिंसा बढ़ावा देने वाला गाना बजाया गया तो खाप की तरफ से सख्त कार्रवाई की जाएगी।