Delhi Janakpuri Accident: हादसा नहीं हत्या... बोले केजरीवाल, नोएडा की घटना से सरकार ने नहीं लिया सबक
Delhi Janakpuri Accident: गुरुवार देर रात दिल्ली के जनकपुरी में हुए हादसे को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार ने नोएडा की घटना से भी कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने कहा कि यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है।
दिल्ली जनकपुरी हादसे पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह हादसा नहीं हत्या है
Delhi Janakpuri Accident: राजधानी दिल्ली के जनकपुरी में गुरुवार रात को एक बाइक सवार युवक की दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्डे में गिरने से मौत हो गई। 25 साल के इस युवक की मौत को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हत्या बताया है। उन्होंने इस हादसे की तस्वीरों को अपने x हैंडल पर शेयर करते उसके कैप्शन में लिखा कि 'यह हादसा नहीं बल्कि हत्या है।' इसके अलावा इस हादसे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने भी भाजपा पर निशाना साधा है।
हादसा नहीं हत्या- अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करते हुए लिख,' ये हादसा नहीं, बल्कि हत्या है। नोएडा की घटना से भी बीजेपी ने कुछ नहीं सीखा। घोर लापरवाही और गैर-जिम्मेदार रवैया अब बीजेपी सरकारों की पहचान बन चुका है, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। ईश्वर उस परिवार को शक्ति दें, जिसने सरकार की लापरवाही की वजह से अपना बच्चा खो दिया।'
भाजपा का हत्यारा सिस्टम- कांग्रेस
काग्रेस पार्टी ने इस हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पार्टी के ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर ट्वीट कर लिखा, 'BJP का 'हत्यारा सिस्टम' दिल्ली के रहने वाले कमल ऑफिस से घर के लिए निकले, रास्ते में बड़ा सा गड्ढा खोदा हुआ था। कमल बाइक के साथ गड्ढे में गिर गए, उनकी दर्दनाक मौत हो गई। ये गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड ने खोदा था, लेकिन न गड्ढे को कवर किया, न कोई बैरिकेड लगाया और न चेतावनी का बोर्ड। अभी कुछ दिनों पहले ही नोएडा में 27 साल के इंजीनियर युवराज की पानी से भरे गड्ढे में गिरकर जान चली गई थी। ये हादसा नहीं- निर्मम हत्या है, जिसे BJP की 'निकम्मी सरकार' और 'नाकारा सिस्टम' ने अंजाम दिया है। नरेंद्र मोदी ने वादा तो 'स्मार्ट सिटी' का किया था, लेकिन उनका सिस्टम लोगों की जान ले रहा है।'