AAP Leader Murder: AAP नेता लकी ओबेरॉय को दिनदहाड़े गोलियों से भूना, विपक्ष ने की राष्ट्रपति शासन की मांग
जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की आज सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। उन्हें 5 गोलियां लगीं। विपक्ष ने इस घटना की निंदा करते हुए सीएम भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधा है।
लुधियाना में आप नेता लक्की ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या।
पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लकी ओबेरॉय की आज सुबह गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर अंजाम दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक सवार हमलावर मौके से फरार हो गए। वारदात की सूचना पाते ही पुलिस ने चौतरफा नाकाबंदी की, लेकिन अभी तक हमलावरों का सुराग नहीं लग पाया है। उधर, इस वारदात के बाद विपक्ष को पंजाब सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया है।
पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने इस दिनदिहाड़े हत्या के लिए राज्य सरकार की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के प्रशासन में पंजाब की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने एक्स पर लिखाा कि जालंधर के एक गुरुद्वारे के बाहर पंजाब के आप नेता लकी ओबेरॉय की दिनदहाड़े हत्या ने भयावह वास्तविकता को उजागर कर दिया है। अगर सत्ताधारी दल के नेता भी सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों के लिए क्या उम्मीद बची है।
जयवीर शेरगिल ने भी पंजाब सरकार को घेरा
भाजपा नेता जयवीर शेरगिल ने भी इस वारदात की कड़ी निंदा की है। साथ ही, पंजाब सरकार को भी घेरा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से कानून-व्यवस्था अपराधियों और गैंगस्टरों के हाथों की कठपुतली बन गई है। आज पंजाब में 'गैंगस्टर राज' और 'गुंडा राज' चल रहा है। हत्याएं, बलात्कार, जबरन वसूली के फोन कॉल आम बात हो गई है और पंजाब की रोजमर्रा की खबरें बन गई हैं। ऐसा लगता है जैसे AAP ने पंजाब को फिर से अंधकार युग में धकेलने का ठेका ले लिया है। अब समय आ गया है कि पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू किया जाए।
लकी ओबेरॉय को गोलियों से भूना
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लकी ओबेरॉय जब कार में बैठे थे, उसी वक्त बाइक पर सवाल हमलावर आए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। उन्हें पांच गोलियां लगीं। बुरी तरह से घायल आप नेता को एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बहरहाल, पुलिस ने घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।