IAS Medha Roopam: पिता मुख्य चुनाव आयुक्त, पति आईएएस... खुद राइफल शूटर हैं नोएडा की डीएम
IAS Medha Roopam: 2014 बैच की आईएएस अधिकारी मेधा रूपम गौतमबुद्ध नगर की पहली महिला डीएम के रूप में नियुक्त की गई हैं। वह नेशनल लेवल पर राइफल शूटर भी रह चुकी हैं और कई गोल्ड मेडल भी जीते हैं। जानिए उनकी पूरी कहानी...
गौतमबुद्ध नगर की नई डीएम मेधा रूपम।
IAS Medha Roopam: गौतमबुद्ध नगर के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब जिलाधिकारी (डीएम) की जिम्मेदारी किसी महिला अधिकारी को सौंपी गई है। साल 2014 बैच की आईएएस अधिकारी मेधा रूपम को गौतमबुद्ध नगर की डीएम नियुक्त किया गया है, जो बुधवार को सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर पदभार संभालेंगी। इससे पहले वह करीब एक साल तक ग्रेटर नोएडा के प्राधिकरण में एसीईओ के रूप में कार्य कर चुकी हैं। अब वह मनीष वर्मा की जगह लेंगी, जिन्हें प्रयागराज का डीएम नियुक्त किया गया है। आइए जानते हैं कि कौन हैं मेधा रूपम...
कौन हैं आईएएस अधिकारी मेधा रूपम?
आईएएस अधिकारी मेधा रूपम अभी तक कासगंज की डीएम थीं, लेकिन आज से वह गौतमबुद्ध नगर की डीएम का पद संभालेंगी। मेधा रूपम मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा की रहने वाली हैं। उन्होंने साल 2013 में यूपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा में 10वीं रैंक हासिल की थी। इसके बाद उनका चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा में हुआ। मेधा रूपम 2014 बैच की यूपी कैडर अधिकारी हैं। उन्होंने करियर की शुरुआत बरेली की सहायक मजिस्ट्रेट के रूप में की थी।
इसके अलावा वह उत्तर प्रदेश के बरेली, मेरठ, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हापुड़ और कासगंज जिले में सेवाएं दे चुकी हैं। इसके अलावा मेधा रूपम ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एसीईओ के तौर पर 24 फरवरी 2023 से जून 2024 तक तैनात रही हैं। इस दौरान उन्होंने जेवर एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसे बड़े प्रोजेक्ट पर भी काम किया है।
राइफल शूटर भी रह चुकीं मेधा रूपम
मेधा रूपम नेशनल लेवल पर राइफल शूटर भी रह चुकी हैं। उन्होंने शूटिंग में कई गोल्ड मेडल हासिल किए हैं। सिविल सेवा में आने से पहले मेधा रूपम ने केरल राज्य स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में हिस्सा लिया था, जिसमें उन्होंने 3 गोल्ड मेडल जीते थे।
मेधा रूपम के पिता हैं मुख्य चुनाव आयुक्त
मेधा रूपम के पिता ज्ञानेश कुमार 1988 बैच केरल कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं। मौजूदा समय में वे देश के मुख्य चुनाव आयुक्त पर पद पर कार्यरत हैं। उन्हें 19 फरवरी 2025 को भारत का 26वां मुख्य चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया था।
परिवार में कई यूपीएससी अधिकारी
आईएएस मेधा रूपम के परिवार में एक या दो नहीं बल्कि 6 यूपीएससी अधिकारी हैं। उनके पति मनीष बंसल भी 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इसके अलावा उनकी बहन अभिश्री आईआरएस अधिकारी हैं और उनके पति अक्षय लाबरू आईएएस हैं। वहीं, चाचा मनीष कुमार भी आईआरएस अधिकारी हैं। इतना ही नहीं उनके फूफा उपेंद्र कुमार जैन आईपीएस हैं। मेधा रूपम के पिता ज्ञानेश कुमार 1988 बैच के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी हैं, जो वर्तमान में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त हैं।