Nitin Gadkari: जानिए कब से शुरू होगा नेशनल मंडेला मार्ग टनल का काम, नितिन गडकरी ने दिया जवाब
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा सदन में बताया कि धौला कुआं-इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और गुरुग्राम में प्रस्तावित 5 किलोमीटर लंबी अंडर ग्राउंड टनल पर काम कब शुरू होगा?
Nitin Gadkari: सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को लोकसभा में धौला कुआं-इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और गुरुग्राम में प्रस्तावित 5 किलोमीटर लंबी अंडर ग्राउंड टनल पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि इसका भविष्य डीपीआर के नतीजों पर निर्भर है। उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में शिव मूर्ति को नेशनल मंडेला मार्ग से जोड़ने के लिए डीपीआर को तैयार कर लिया गया है। इस टनल का मुख्य उद्देश्य दक्षिणी दिल्ली और एयरपोर्ट कॉरिडोर के बीच एक तेज ऑप्शन देना है। इसके तैयार होने से NH48 पर लगने वाला जाम कम होगा।
इस दौरान वह दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सड़क एवं परिवहन मंत्रालय से सवाल करते हुए पूछा था कि नेशनल हाइवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया मार्ग पर काम कब शुरू होगा और इसके पूरे होने की अनुमानित तारिख क्या है। इसके अलावा रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इसकी लागत के बारे में मंत्रालय से सवाल किया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2021 में प्रोजेक्ट डॉक्यूमेंट्स में टनल की अनुमानित लागत 2 हजार करोड़ के आसपास थी। इसके साथ ही अगर इस पर साल 2022 में काम शुरू हुआ होता तो साल 2027 तक इसके बनने की उम्मीद थी। जबकि साल की शुरुआत में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इसकी संशोधित लागत करीब 3 हजार 5 सौ करोड़ के आसपास होने की उम्मीद जताई थी। इस टनल को इससे पहले भी आलोचना झेलनी पड़ी है। इसका कारण है क्योंकि इसे बनाने के लिए 4 सौ पेड़ों को या तो काटना पड़ेगा। या फिर ट्रांसप्लांट करना पड़ेगा और यह पर्यावरण के लिहाज से काफी संवेदनशील मुद्दा है।
परिवहन मंत्रालय के एक अधिकारी ने मीडिया से बात करते हुआ कहा था कि इस सड़क का बनना बहुत जरूरी है। इसके बनने के बाद कम समय में लंबी यात्रा संभव हो सकेगी। इसके तैयार होने से न सिर्फ एनसीआर को जाम से राहत मिलेगी बल्कि शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा।