Faridabad Colony: फरीदाबाद की इस कॉलोनी पर मंडरा रहा संकट, 8 हजार घरों को खाली करने का नोटिस

Faridabad Colony: फरीदाबाद की लगभग 60 एकड़ में बसी नेहरू कॉलोनी के करीब 8 हजार मकानों को खाली करने का नोटिस दिया गया है। घरों को खाली करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

Updated On 2025-06-28 14:07:00 IST

फरीदाबाद कॉलोनी

Faridabad Colony: फरीदाबाद के एनआईटी क्षेत्र स्थित पुनर्वास विभाग की लगभग 60 एकड़ जमीन पर नेहरू कॉलोनी बसी हुई है। इस कॉलोनी के लगभग 8 हजार घरों को खाली करने का नोटिस दिया गया है। ये नोटिस पुनर्वास विभाग के नायब तहसीलदार विजय सिंह ने दिया है। घर के मालिकों को घर खाली करने के लिए लगभग 15 दिनों का समय दिया गया है।

प्रशासन की सख्ती के बाद नेहरू कॉलोनी के लोगों ने शुक्रवार को सैनिक कॉलोनी-मस्जिद चौक को जाम कर दिया। इसके कारण सड़क से आने जाने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नायब तहसीलदार विजय सिंह की तरफ से जारी किए गए नोटिस में बताया गया है कि जिस जमीन पर घर बनाए गए हैं, वो पुनर्वास विभाग की संपत्ति है। पुनर्वास विभाग की संपत्ति पर लोगों ने अवैध कब्जा कर घर बना लिया है। प्रशासन की तरफ से चेतावनी दी गई है कि घर खाली करने के लिए 15 दिनों का समय दिया गया है। अगर कब्जाधारी इन 15 दिनों के अंदर अपनी इच्छा से घर नहीं खाली करते हैं, तो 10 जुलाई को प्रशासन इन घरों को जबरन हटा देगा। इस जमीन पर कब्जा गैरकानूनी है। साथ ही ये विकास कार्यों में बाधा भी उत्पन्न कर रहा है।

प्रशासन का कहना है कि उन्होंने कब्जाधारियों को पहले भी मौखिक रूप से कई बार चेतावनी दी थी। हालांकि कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं मिलने के कारण अब कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि लोग अगर इसका विरोध करते हैं, तो पुलिस बल की मदद से कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने ये कदम शहर में सरकारी जमीनों पर हो रहे अतिक्रमण को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके खिलाफ नेहरू कॉलोनी के लोगों ने इकट्ठा होकर सैनिक कॉलोनी मस्जिद रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। इससे सड़कों पर लंबा जाम लग गया। हालांकि पुलिस के समझाने पर प्रदर्शन को खत्म किया जा सका। लोगों का कहना है कि वो इस जगह पर लंबे समय से यहां रह रहे हैं। प्रशासन के इस कदम से घर के लोग बच्चे, बुजुर्ग समेत सड़क पर आ जाएंगे। ये असंवैधानिक कार्रवाई है।

Tags:    

Similar News