Mini India: दिल्ली में बन रहा 'मिनी इंडिया', दिखेगी काशी विश्वनाथ, सूर्य मंदिर जैसी कई जगहों की झलक

Mini India: दिल्ली के द्वारका सेक्टर-20 में भारत वंदना पार्क में 'मिनी इंडिया' जोन बन रहा है, जिसका काम लगभग पूरा हो चुका है। आने वाले कुछ महीनों में इसे शुरू कर दिया जाएगा।

Updated On 2025-09-02 13:31:00 IST

मिनी इंडिया।

Mini India: जिन लोगों को घूमना-फिरना पसंद है, उनके लिए अच्छी खबर है। दिल्ली के द्वारका सेक्टर-20 में भारत वंदना पार्क में 'मिनी इंडिया' जोन बन रहा है, जो जल्द खुलने वाला है। इस मिनी इंडिया जोन में देश के अलग-अलग राज्यों की मशहूर इमारतें देखने को मिलेंगी। इन इमारतों का लगभग 80 से 90 फीसदी काम पूरा हो चुका है। आने वाले कुछ महीनों में भारत वंदना पार्क के मिनी इंडिया जोन को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।

बता दें कि मिनी इंडिया जोन में हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के खास स्मारक बनाए जा रहे हैं, जो अपनी वास्तविक लंबाई से 25गुना छोटे होंगे। इन स्मारकों की वास्तुशिल्प और डिजाइन को पूरी तरह सटीकता से दर्शाया गया है। इसमें लोगों को संसद भवन, उत्तर प्रदेश का काशी विश्वनाथ मंदिर, राजस्थान का हवा महल, जम्मू-कश्मीर के हाउसबोट, ओडिशा का सूर्य मंदिर, तमिलनाडु का मीनाक्षी मंदिर, उत्तराखंड का केदारनाथ मंदिर और गुजरात की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी जैसी कई प्रसिद्ध स्थल दिखाए जाएंगे।

इस पार्क को सात हिस्सों (7 क्लस्टर) में बांटा गया है, जिन्हें राज्यों के स्मारकों के आधार पर बांटा गया है। उत्तर भारत क्लस्टर में कश्मीर के हाउसबोट और केदारनाथ मंदिर जैसे स्थलों को शामिल किया गया है। मध्य भारत के क्लस्टर में पंजाब का विरासत-ए-खालसा, उत्तर प्रदेश का विश्वनाथ मंदिर और दिल्ली का संसद भवन शामिल है। वहीं पश्चिमी क्लस्टर में राजस्थान का हवा महल और गुजरात की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को शामिल किया गया है।

पूर्वी भारत क्लस्टर में झारखंड का बैद्यनाथ मंदिर और पश्चिम बंगाल का विक्टोरिया मेमोरियल शामिल किया गया है। उत्तर-पूर्वी क्लस्टर में असम का कामाख्या मंदिर मेघालय का लिविंग रूट ब्रिज और नागालैंड का पारंपरिक द्वार शामिल किया गया है। वहीं दक्षिणी भारत क्लस्टर में तमिलनाडु का मीनाक्षी मंदिर, केरल का नेपियर म्यूजियम, तिरुमाला का चारमीनार और कर्नाटक का हम्पी का पत्थर रथ शामिल है।

अगर इस पार्क में मिलने वाली सुविधाओं की बात करें, तो मिनी इंडिया जोन में क्षेत्रीय व्यंजनों के फूड कियोस्क, पैदल चलने के रास्ते, खूबसूरत वॉटर चैनल और नाव की सवारी और बाकी जरूरी सुविधा मिलेंगी। मिनी इंडिया पार्क का मुख्य आकर्षण भारत की विविधता और सांस्कृतिक धरोहर को एक जगह पर लाकर दिखाना है। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि इस खूबसूरत मिनी इंडिया जोन को देखने के लिए दूर-दूर से पर्यटक आएंगे।

Tags:    

Similar News