Indigo Flight Cancel: बेंगलुरु हवाई अड्डे पर इंडिगो की 42 उड़ानें रद्द, यात्रियों को दी ये सलाह

Indigo Flight Cancelled: बेंगलुरु हवाई अड्डे पर आज इंडिगो की 42 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिसके चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

Updated On 2025-12-03 17:45:00 IST

इंडिगो की 42 फ्लाइट्स को रद्द। 

Indigo Flight Cancelled: बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आज यानी मंगलवार 3 दिसंबर को इंडिगो की कुल 42 फ्लाइट्स को रद्द कर दिया गया। इन उड़ानों में 22 आगमन और 20 डिपार्चर शामिल हैं। फ्लाइट्स रद्द होने के कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। फ्लाइट्स रद्द होने का मुख्य कारण 'ऑपरेशनल समस्याएं' बताई जा रही हैं। बता दें कि बीते दिन यानी 2 दिसंबर को भी हवाई अड्डे पर इंडिगो की 20 उड़ानें रद्द कर दी गई थीं।

इंडिगो पिछले कुछ दिनों से समस्याओं का सामना कर रही है। तकनीकी खराबी, प्रमुख एयरपोर्टों पर ज्यादा भीड़ और परिचालन संबंधी बाधाओं की वजह से सैंकड़ों उड़ानें देरी से चल रही हैं, जबकि कई उड़ानें पूरी तरह से रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो का कहना है कि सभी टीमें स्थिति को बेहतर करने के लिए 24 घंटे काम में जुटी है। बताया जा रहा है कि जिन यात्रियों की उड़ानें रद्द कर दी गई हैं, उन्हें दूसरी फ्लाइट्स की सुविधा दी जा रही है या उन्हें पैसे वापस किए जा रहे हैं। देरी से चल रही उड़ानों के यात्रियों की हर संभव मदद की जा रही है।

इंडिगो ने यात्रियों से किया अनुरोध

इंडिगो ने यात्रियों से अनुरोध करत हुए कहा है कि घर से निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताजा अपडेट्स जरूर चेक कर लें। ऐसे में वह परेशानियों से बच सकेंगे और एयरपोर्ट पर भी भीड़ कम होगी। कंपनी ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि वह जल्द से जल्द सभी समस्याओं का समाधान कर, फिर से सस्ती, समय पर और बिना किसी बाधा के यात्रा की सेवा देगी। ऐसा माना गया है कि इंडिगो के पास अभी 400 से ज्यादा विमान हैं, हर दिन 2300 उड़ानें संचालित होती है। यह एयरलाइन भारत के 90 से ज्यादा शहरों और 45 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों से कनेक्ट है। 

अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।

Tags:    

Similar News