Cyber Crime: दो महीने से बुन रही थी जाल, लड़की ने चैटिंग कर फंसाया, गैंग के साथ मिलकर किया किडनैप

Delhi Crime: दिल्ली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक लड़की ने लड़के को ऑनलाइन चैटिंग कर अपने जाल में फंसाया। इसके बाद लड़की ने एक गैंग के साथ मिलकर लड़के का किडनैप किया फिर उसके साथ...

By :  sapnalata
Updated On 2025-07-05 13:50:00 IST

लड़की ने चैटिंग कर फंसाया युवक। 

Online chatting fraud: दिल्ली में एक लड़की ने लड़के से दो महीने तक ऑनलाइन चैटिंग की। बाद में अपनी गैंग के साथ मिलकर लड़के का किडनैप कर मारपीट की। उस लड़की ने युवक के फोन से उसके घर वालों को कॉल कर धमकाया। यह ड्रामा लड़की ने लड़के के घर वालों से मोटी रकम वसूलने के लिए किया। घर वालों ने इस बात की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने कुछ घंटों बाद पीड़ित लड़के को यमुना खादर से सकुशल बरामद कर लिया और साथ ही आरोपी संजीव कुमार लोहिया को गिरफ्तार कर लिया है।

ऑनलाइन चैटिंग से अपने जाल में फंसाया

सूत्रों के मुताबिक, डीसीपी अभिषेक ने पीड़ित की पहचान निखिल पाल (20) के तौर पर की है। पीड़ित अपने परिवार के साथ शकरपुर के गणेश नगर-2 में रहता है। वह करीब दो महीनों से वाट्सऐप के जरिए एक लड़की से बात कर रहा था। इस लड़की ने उसे गुरुवार की सुबह मिलने के लिए बुलाया। वहीं, दोपहर में निखिल की बहन के पास कॉल आया जिसमें एक अनजान लड़का बोल रहा था कि उसका भाई एक लड़की के साथ होटल में पकड़ा गया है और अब इसे छोड़ा नहीं जाएगा।

निखिल की बहन ने इस मामले की सूचना पुलिस को दी। एसएचओ कमल किशोर ने एक टीम बनाई और टेक्निकल सर्विलांस से पीड़ित की आखिरी लोकेशन का पता किया, जो नोएडा सेक्टर-6 में मिली। पुलिस वहां पहुंची लेकिन वहां कोई नहीं मिला। कुछ देर बाद पीड़ित के फोन की लोकेशन मयूर विहार मेट्रो स्टेशन के नजदीक यमुना खादर की मिली। पुलिस तुरंत लोकेशन पर पहुंची जहां उन्होंने देखा कि एक ग्रुप पीड़ित को घेरकर पीट रहा था। हमलावरों ने जैसे ही पुलिस को देखा तो भागने लगे जिसमें उनका एक साथी संजीव गिर पड़ा।

पुलिस ने तुरंत आरोपी संजीव को दबोच लिया और निखिल को हेडगेवार अस्पताल भेजा गया। पुलिस पूछताछ में निखिल ने बताया कि वह गुरुवार सुबह 10:30 बजे लड़की से मिलने लक्ष्मी नगर मेट्रो स्टेशन गया था। यहां से लड़की उसे इंदिरापुरम के एक मॉल ले गई। वहां से लौटने पर 5 लड़कों ने निखिल को मेट्रो स्टेशन पर घेर लिया। आरोपी उसे एक सुनसान मकान में ले गए और मारपीट करने लगे। बाद में आरोपियों ने उसके घर वालों को धमकी भरे कॉल किए।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी संजीव से पूछताछ की। संजीव ने खुलासा किया कि पीड़ित को अगवा करने की साजिश उन्होंने दो महीने पहले रची थी। इस साजिश में तरुण और आकाश समेत कुछ और भी लड़के शामिल थे। इस साजिश में लड़की को पैसे देकर शामिल किया गया था। इस मामले को मद्देनजर रखते हुए पुलिस ने जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर बातें करते हुए सावधानी बरतें और किसी भी तरह का शक हो तो 112 पर तुरंत कॉल करें।

Tags:    

Similar News