Putin Visit India: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शाम को पहुंचेंगे दिल्ली, इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
Delhi Traffic Advisory on Putin Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे को लेकर दिल्ली की इन सड़कों पर भारी ट्रैफिक रहेगा।
भारत दौरे पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन।
Delhi Traffic Advisory on Putin Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज भारत दौरे पर हैं। पुतिन का भारत में यह दो दिवसीय दौरा है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को देखते हुए कड़े इंतजाम किए गए हैं। वहीं कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया है। दिल्ली पुलिस से लेकर केंद्रीय एजेंसियों तक सभी को अलर्ड मोड पर है।दिल्ली मेट्रो के आवागमन पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
जानकारी के मुताबिक, पुतिन का प्लेन आज शाम 6 बजे एयरपोर्ट पर लैंड होगा, इसके बाद पुतिन सीधे चाणक्यपुरी में सरदार पटेल मार्ग पर बने ITC मौर्य होटल जाएंगे। इसके बाद शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में निजी डिनर रखेंगे।
एयरपोर्ट से होटल और होटल से पीएम आवास तक की मूवमेंट के बीच NH-8, धौला कुआं, दिल्ली कैंट, सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग, शांति पथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक का ज्यादा असर देखने को मिलेगा। पुलिस अधिकारियों का ऐसा भी कहना है कि सुरक्षा कारणों की वजह से पूरे रूट प्लान को अभी पब्लिक नहीं किया जा सकता, लेकिन ट्रैफिक को ज्यादा देर तक रोक कर नहीं रखा जा सकता है।
कल इन जगहों पर विजिट करेंगे पुतिन
पुतिन के दौरे का सबसे अहम दिन कल यानी 5 दिसंबर शुक्रवार रहेगा। इस दिन पुतिन कई जगहों पर आधिकारिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं। सबसे पहले सुबह वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक में शामिल होंगे। बैठक के बाद पुतिन दिल्ली के भारत मंडपम में फिक्की की तरफ से आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। फिर शाम को राष्ट्रपति भवन में भारत सरकार उनके सम्मान में डिनर का आयोजन करेगी।
सुबह कहां रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन ?
- राजघाट
- शांति वन
- राजाराम कोहली मार्ग
- रिंग रोड
- दिल्ली गेट
- आईटीओ
- तिलक मार्ग
- इंडिया गेट
दोपहर में इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
- मथुरा रोड
- भैरो रोड
- इंडिया गेट
- मंडी हाउस
- आईटीओ
दिल्ली पुलिस ने दी सलाह
पुतिन की सुरक्षा को देखते हुए उनकी यात्रा रूट पर SWAT, एंटी-टेरर स्क्वॉड और क्यूआरटी टीम तैनात की जाएंगी। इसके अलावा महत्वपूर्ण जगहों पर ड्रोन से भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुतिन की सुरक्षा के लिए रूस की एडवांस सिक्योरिटी टीम के 50 से ज्यादा अधिकारी दिल्ली में मौजूद हैं।
पुतिन की इस यात्रा को सामरिक, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग के लिहाज से बहुत जरूरी माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच रक्षा, परमाणु ऊर्जा, व्यापार, छात्र आदान-प्रदान और बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा हो सकती है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि शुक्रवार को खासकर सुबह और दोपहर के समय दिल्ली के कई केंद्रीय इलाकों पर जाने से बचें और घर निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर चेक करें।
अगर आपको यह खबर उपयोगी लगी हो, तो इसे सोशल मीडिया पर शेयर करना न भूलें। हर अपडेट के लिए जुड़े रहिए haribhoomi.com के साथ।