Delhi Police Encounter: राजौरी गार्डन-अमर कॉलोनी और तैमूर नगर में मुठभेड़, आरोपी गिरफ्तार
Delhi Police Encounter: बीती रात दिल्ली पुलिस ने तीन जगहों पर एनकाउंटर किया। ये एनकाउंटर राजौरी गार्डन, अमर कॉलोनी और तैमूर नगर में हुए। तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने लुटेरे बदमाश का एनकाउंटर किया। (प्रतीकात्मक तस्वीर)
Delhi Police Encounter: बीती रात दिल्ली के दो अलग-अलग इलाकों में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। पहला मामला पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके का है। यहां पुलिस और बदमाश के बीच गोलीबारी हुई। इसके बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दूसरा मामला दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके का है। पुलिस ने हत्या की कोशिश के आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया।
राजौरी गार्डन इलाके में एनकाउंटर
बता दें कि दिल्ली की राजौरी गार्डन थाने की पुलिस को कुख्यात स्नैचर के इलाके में आने की सूचना मिली। पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी की। इस दौरान स्नैचर ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस कार्रवाई में बदमाश राजन उर्फ भोला के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जानकारी के अनुसार, राजन के खिलाफ 46 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, राजन कई लूट, चोरी और झपटमारी के कई मामलों में वाछित है। राजन ख्याला थाने का घोषित अपराधी है।
अमर कॉलोनी में एनकाउंटर
वहीं दिल्ली पुलिस ने अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में पुलिस और एक वांछित अपराधी के बीच गोलीबारी हुई। आरोपी पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है, जिसमें वो वांछित चल रहा था। एनकाउंटर के दौरान आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की। हालांकि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तैमूर नगर में फायरिंग के आरोपी का एनकाउंटर
इसके अलावा दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस ने एनकाउंटर के बाद एक और आरोपी की गिरफ्तारी की। आराप है कि आरोपी ने दिवाली के दिन तैमूर नगर में फायरिंग की थी। पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान आरोपी तेजस उर्फ भारत को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पैर में गोली लगी थी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।