तंबाखू नहीं खिलाया तो दोस्त को मार डाला: सीने पर चलाए लात-मुक्के, दूसरे दिन हो गई मौत, पुलिस ने किया गिरफ्तार
जशपुर में तंबाखू मांगने को लेकर हुए विवाद ने एक ग्रामीण की जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
नारायणपुर थाना पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
खुर्शीद कुरैशी - जशपुर। नारायणपुर थाना क्षेत्र में तंबाखू मांगने को लेकर दो ग्रामीणों के बीच हुआ विवाद मौत का कारण बन गया। प्रार्थी विद्याधर राम ने 19 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका भतीजा अशोक राम (मृतक), निवासी ग्राम कोनकेल चराईखारा, की मौत आरोपी संदीप एक्का (36 वर्ष) द्वारा की गई मारपीट के चलते हुई।
तंबाखू न मिलने पर कर दी हत्या
18 नवंबर की शाम करीब 6 बजे गांव के एक घर के आंगन में मृतक अशोक राम और आरोपी संदीप एक्का आग ताप रहे थे। इसी दौरान संदीप एक्का ने अशोक से तंबाखू मांगी। जिसपर अशोक ने जवाब दिया कि 'मेरे पास इतना पैसा नहीं कि रोज-रोज तंबाखू खिलाऊं।' और इस पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। अशोक राम घर की ओर चला, तो आरोपी भी उसके पीछे गया।
मारपीट की गंभीर घटना
आरोपी संदीप एक्का ने घर पहुंचकर अशोक से मारपीट की, उसे जमीन पर गिरा दिया और सीने पर लात से जोरदार प्रहार किया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया, ग्रामीणों ने घटना की सूचना सरपंच को दी। सरपंच जब पहुंचे तो अशोक दर्द से कराहते हुए लेटा था और उसने स्वयं संदीप एक्का द्वारा मारपीट की बात बताई और सुबह अस्पताल जाने की बात कही।
अस्पताल ले जाते समय मौत
19 नवंबर की सुबह अशोक राम को अस्पताल ले जाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
- रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध BNS की धारा 103(1), 332(A) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया।
- घटनास्थल निरीक्षण
- शव पंचनामा
- पोस्टमार्टम
- डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु मारपीट से हुई चोटों के कारण हत्यात्मक बताई गई।
पुलिस ने आरोपी संदीप एक्का को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, और प्रमाण मिलने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में इन पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही-
- थाना प्रभारी उप निरीक्षक राजकुमार कश्यप
- प्रधान आरक्षक उमेश मिंज और पुरन चंद पटेल
- आरक्षक इसदोर एक्का
- नगर सैनिक ओम प्रकाश यादव
एसएसपी जशपुर का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि, 'नारायणपुर क्षेत्र में तंबाखू को लेकर हुए विवाद में मारपीट हुई थी जिसके बाद घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।'