दो वर्षों में बदली जशपुर जिले की तस्वीर: सीएम साय के नेतृत्व में आधुनिक स्वास्थ्य ढांचे का विस्तार, मेडिकल कॉलेज से एंबुलेंस तक की मिली बड़ी सौगातें

सीएम साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में जशपुर की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक विस्तार हुआ है, जिससे जिला आधुनिक और सशक्त स्वास्थ्य मॉडल के रूप में उभरा है।

By :  Ck Shukla
Updated On 2025-12-19 13:14:00 IST

सीएम साय द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

अजय सूर्यवंशी - जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में जशपुर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं ने ऐतिहासिक परिवर्तन का साक्षी बनाया है। सीमित संसाधनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझने वाला जशपुर आज आधुनिक चिकित्सा ढांचे, सुदृढ़ आपात सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के चलते प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल हो गया है।

आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना की मजबूत नींव
स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए सरकार द्वारा बड़े और दूरगामी निर्णय लिए गए हैं। जशपुर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हेतु 359 करोड़ रुपये की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलना जिले के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इसके साथ ही 220 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक अस्पताल के निर्माण के लिए 32 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।


नए अस्पताल और शिक्षण संस्थान
अखिल भारतीय कल्याण आश्रम परिसर में 35 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक चिकित्सालय का निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है। वहीं 8.78 करोड़ रुपये की लागत से नर्सिंग कॉलेज भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है, जिससे प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को प्राथमिकता
कुनकुरी में 50 बिस्तरों वाले मातृ-शिशु अस्पताल का निर्माण 8.77 करोड़ रुपये की लागत से प्रगति पर है। इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर फरसाबहार में सत्य साईं मातृत्व एवं शिशु चिकित्सालय की स्थापना शीघ्र की जाएगी, जिससे जशपुर सहित पड़ोसी राज्यों को भी लाभ मिलेगा।


बहुआयामी चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार
स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाते हुए जिले में 14 करोड़ रुपये की लागत से फिजियोथेरेपी महाविद्यालय तथा 2.62 करोड़ रुपये से कुनकुरी में नेचुरोपैथी भवन निर्माण को मंजूरी दी गई है।

आपात सेवाओं में ऐतिहासिक विस्तार
मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिले को 10 नई 108 संजीवनी एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। अब कुल 24 संजीवनी एक्सप्रेस एंबुलेंस जीवनरक्षक सेवाएं दे रही हैं। वहीं 102 महतारी एक्सप्रेस की 18 एंबुलेंस गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाकर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कर रही हैं। प्रत्येक विकासखंड में शव वाहन की व्यवस्था से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।


ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंची स्वास्थ्य सुविधा
कोतबा में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही 5 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना फरसाबहार, दुलदुला और कुनकुरी तहसीलों में की जाएगी, जिससे ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी।

स्वास्थ्य सुविधा के नए युग में प्रवेश करता जशपुर
आज जशपुर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नए युग में प्रवेश कर चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किए गए ये प्रयास न केवल अधोसंरचना विकास का प्रतीक हैं, बल्कि जनता के विश्वास और सुरक्षित भविष्य की ओर बढ़ते सशक्त कदम भी हैं।

Tags:    

Similar News